होमHimachalMandiएशियन गेम्स में स्वर्ण जीतने वाली हिमाचल की बेटी भावना ठाकुर सम्मानित,...

एशियन गेम्स में स्वर्ण जीतने वाली हिमाचल की बेटी भावना ठाकुर सम्मानित, चैलचैक में हुआ विशेष सम्मान समारोह

समारोह में उपस्थित प्रशासनिक अधिकारियों और पंचायत प्रतिनिधियों ने भावना ठाकुर को स्मृति चिह्न, शॉल और हिमाचली टोपी भेंट कर सम्मानित किया।

गोहर/मंडी : उपमंडल गोहर के अंतर्गत ग्राम पंचायत चैलचैक (बैला) में मंगलवार को एक विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय कबड्डी टीम की खिलाड़ी कुमारी भावना ठाकुर को उनकी उत्कृष्ट खेल उपलब्धियों के लिए एसडीएम गोहर देवी राम और ग्राम पंचायत बैला की ओर से सम्मानित किया गया।

समारोह में उपस्थित प्रशासनिक अधिकारियों और पंचायत प्रतिनिधियों ने भावना ठाकुर को स्मृति चिह्न, शॉल और हिमाचली टोपी भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि भावना ठाकुर ने अपनी कड़ी मेहनत, लगन और खेल के प्रति समर्पण से क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी उपलब्धि न केवल गोहर उपमंडल और मंडी जिला, बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश के लिए गर्व का विषय है।

ये भी पढ़ें:  उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान का तीन दिवसीय सिरमौर प्रवास तय, जानें क्या है कार्यक्रम

उन्होंने कहा कि भावना ठाकुर की सफलता प्रदेश के युवाओं, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों की बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उनकी उपलब्धि से अन्य युवाओं को भी खेलों में आगे बढ़ने और अपने लक्ष्य हासिल करने की प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि भावना भविष्य में भी अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से देश और प्रदेश का नाम रोशन करती रहेंगी।

ग्राम पंचायत बैला के प्रतिनिधियों ने भी भावना ठाकुर की उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। ऐसी प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहन और बेहतर अवसर उपलब्ध करवाना आवश्यक है।

ये भी पढ़ें:  यहां मड़ेगो के साथ शुरू हुआ दिवाली का पांच दिवसीय पर्व, लजीज व्यंजनों से महकी घाटी

भावना ठाकुर ने उपमंडल प्रशासन और ग्राम पंचायत का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्रवासियों का यह प्यार और स्नेह उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगा।

समारोह में पंचायत प्रतिनिधि, स्थानीय गणमान्य व्यक्ति, खेल प्रेमी तथा भावना ठाकुर के परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।

Aapki Baat News Desk
Aapki Baat News Desk
"आपकी बात न्यूज़" एक लोकप्रिय हिंदी समाचार प्लेटफॉर्म है, जो राजनीति, समसामयिक घटनाओं, मनोरंजन, खेल और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर ताजे अपडेट्स प्रदान करता है।

Latest Articles

Explore More