नाहन : एतिहासिक शहर नाहन में गत शुक्रवार को हुए हिंसक घटनाक्रम के बाद रविवार को निकलने वाली श्री वाल्मीकि जी की शोभायात्रा का रूट बदल दिया गया है। जिला प्रशासन ने किसी भी अप्रिय घटना को रोकने और शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह फैसला लिया है।
शोभायात्रा के दौरान पुलिस और रिजर्व बटालियन के जवान तैनात रहेंगे। इस दौरान ड्रोन से भी निगरानी की जाएगी। उधर, प्रशासन की मौजूदगी में हुई बैठक में दोनों समुदायों के प्रमुख लोगों ने शुक्रवार की घटना पर खेद जताया और आपसी सौहार्द बनाए रखने पर सहमति व्यक्त की।
अब इस रूट से निकलेगी शोभायात्रा
नगर परिषद उपाध्यक्ष प्रदीप सहोत्रा ने बताया कि पिछले वर्षों में शोभायात्रा श्री वाल्मीकि मंदिर से शुरू होकर गोबिंदगढ़ मोहल्ला, दिल्ली गेट, माल रोड, गुन्नू घाट और बस स्टैंड से होते हुए वापस वाल्मीकि मंदिर पहुंचती थी।
इस बार शोभायात्रा श्री वाल्मीकि मंदिर से शुरू होकर बस स्टैंड, गुन्नूघाट और माल रोड होते हुए दिल्ली गेट पहुंचेगी। इसके बाद इसी मार्ग से वापस होकर वाल्मीकि मंदिर में संपन्न होगी। सोमवार को वाल्मीकि जयंती पर भंडारे सहित अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
प्रशासन के साथ बैठक में बनी सहमति
शनिवार को वाल्मीकि समुदाय और गोबिंदगढ़ मोहल्ले के लोगों की बैठकों के बाद जिला प्रशासन के साथ दोनों पक्षों के प्रमुख लोगों की बैठक हुई। बैठक में शुक्रवार की घटना पर खेद जताया गया और भविष्य में मिल-जुलकर रहने पर सहमति बनी।
गोबिंदगढ़ मोहल्ले के लोगों ने पहले की तरह शोभायात्रा को अपने मोहल्ले से ले जाने का निमंत्रण भी दिया, जिस पर वाल्मीकि समुदाय के लोगों ने सहमति जताई थी, लेकिन सुरक्षा, शांति और कानून व्यवस्था के मद्देनजर उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने शोभायात्रा का रूट बदलने के निर्देश जारी किए।
उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने कहा कि नाहन शहर धार्मिक सौहार्द के लिए जाना जाता है। शुक्रवार की घटना के बाद दोनों समुदायों ने शांति बनाए रखने पर सहमति जताई है। फिर भी किसी अप्रिय घटना से बचने के लिए शोभायात्रा का मार्ग बदलने का निर्णय लिया गया है।
पथराव के मामले में जांच जारी
शुक्रवार दोपहर श्री वाल्मीकि चौक पर हुई पथराव की घटना के बाद पुलिस ने रात को विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस वीडियो फुटेज, सीसीटीवी रिकॉर्डिंग और सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो की जांच कर रही है।
इसके जरिए पथराव करने, वाल्मीकि चौक को नुकसान पहुंचाने, पुलिस पर पथराव करने और शहर का माहौल बिगाड़ने वाले शरारती तत्वों की पहचान की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
ड्रोन से निगरानी, रिजर्व बटालियन भी तैनात
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सिरमौर नरेंद्र कुमार ने बताया कि शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। पुलिस के साथ रिजर्व बटालियन के जवान तैनात रहेंगे और ड्रोन के जरिए भी निगरानी की जाएगी। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होगी।
एएसपी ने लोगों से शांति और आपसी भाईचारा बनाए रखने, अफवाहों और उकसावे से दूर रहने तथा पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने सभी समुदायों से एक-दूसरे की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करने का आग्रह भी किया।
हर समुदाय की सुरक्षा सर्वोपरि : अजय सोलंकी
उधर, नाहन के विधायक अजय सोलंकी ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए शहर में सामाजिक एकता और धार्मिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि नाहन की पहचान किसी एक समुदाय से नहीं, बल्कि यहां रहने वाले सभी धर्मों और समाजों के लोगों के आपसी प्रेम, विश्वास और भाईचारे से है। शहर में विभिन्न समुदाय लंबे समय से मिल-जुलकर रहते आए हैं और इस परंपरा को बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।

