नाहन : पांवटा साहिब-कालाअंब नेशनल हाईवे-07 की खस्ताहालत से परेशान वाहन चालकों और यात्रियों के लिए राहत की खबर है। एनएचएआई (NHAI) ने इस सड़क की मरम्मत का काम शुरू कर दिया है। मंगलवार को दोसड़का से कालाअंब तक गड्ढों को भरने के लिए मशीनरी सड़क पर उतार दी गई है।
बता दें कि इस बरसात के बाद करीब 60 किलोमीटर लंबे इस नेशनल हाईवे की हालत बेहद नाजुक हो चुकी है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढों के कारण सफर करना मुश्किल हो गया है। इससे न केवल वाहनों को नुकसान पहुंच रहा है, बल्कि चालकों समेत यात्रियों को भी खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी लोगों को नाहन से मोगीनंद तक सफर के बीच उठानी पड़ रही है।
इस नेशनल हाईवे की हालत इन दिनों जिले के किसी लिंक रोड से भी बदतर बनी हुई है। इसे लेकर आपकी बात न्यूज नेटवर्क ने 19 अक्टूबर को प्रमुखता से खबर प्रकाशित की। लिहाजा, सड़क की दशा सुधारने के लिए एनएचएआई ने मंगलवार को मशीनरी मौके पर भेजी और मेंटेनेंस का कार्य शुरू कर दिया।
इस मार्ग से देहरादून, अंबाला, चंडीगढ़ और दिल्ली के लिए रोजाना हजारों की संख्या में छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। सड़क पर गड्ढों के कारण वाहन चालकों को बार-बार गति कम करनी पड़ती थी और कई जगह गड्ढों से बचने के लिए अचानक ब्रेक लगाने या वाहन की दिशा बदलने की नौबत आती थी।
इससे न केवल सफर में परेशानी हो रही, बल्कि सड़क पर चल रहे दूसरे वाहनों के लिए भी जोखिम पैदा हो रहा था। दोपहिया वाहन चालकों के लिए स्थिति और भी मुश्किल बनी हुई है, क्योंकि गड्ढों के बीच संतुलन बनाए रखना चुनौती बन रहा है। वहीं, वाहनों के टायर, सस्पेंशन और अन्य पुर्जों को नुकसान पहुंचने की आशंका भी बन रही थी। कई वाहनों को काफी नुकसान भी पहुंचा है।
इस सड़क की खस्ताहालत का असर रोजाना मरीजों के सफर पर भी पड़ रहा है। नाहन मेडिकल कॉलेज और सिरमौर के अन्य अस्पतालों से चंडीगढ़ पीजीआई रेफर किए जाने वाले मरीजों को इसी मार्ग से गुजरना पड़ता है। ऐसे में खराब सड़क के कारण सफर अधिक कष्टदायक हो रहा था। रोजाना नौकरी, कारोबार और अन्य जरूरी कामों के लिए इस मार्ग पर आने-जाने वाले लोगों को भी गड्ढों के कारण असुविधा झेलनी पड़ रही है।
फिलहाल, एनएचएआई ने नाहन के समीप दोसड़का से कालाअंब की तरफ सड़क सुधारने का काम शुरू किया है। इस हिस्से में जहां-जहां गड्ढे हैं, वहां पैचवर्क किया जा रहा है। इसके बाद पांवटा साहिब के बाता पुल तक सड़क की मरम्मत की जाएगी।
लोगों को उम्मीद है कि दोनों हिस्सों में काम पूरा होने के बाद हाईवे पर आवाजाही पहले से सुगम होगी और गड्ढों के कारण होने वाली परेशानी से राहत मिलेगी।
एनएचएआई शिमला के प्रोजेक्ट डायरेक्टर आनंद दहिया ने बताया कि सड़क की मेंटेनेंस का काम शुरू हो चुका है। अभी दोसड़का से कालाअंब तक सड़क सुधारी जा रही है। इसके बाद पांवटा साहिब की ओर सड़क पर पैचवर्क किया जाएगा।
बता दें कि 60 किलोमीटर के इस हिस्से में फोरलेन का निर्माण किया जाना प्रस्तावित है। इस नेशनल हाईवे पर हरियाणा के हिस्से में कालाअंब तक फोरलेन बनकर तैयार हो चुका है। इसके साथ साथ उत्तराखंड के हिस्से में भी पांवटा साहिब तक फोरलेन बन चुका है। अब हिमाचल के इस हिस्से में ही फोरलेन का निर्माण होना है।
- ये भी पढ़ें : हरियाणा-उत्तराखंड में फोरलेन पर सफर मजेदार…हिमाचल में घुसते ही नेशनल हाईवे के गड्ढे दे रहे झटके पे झटके, आखिर कौन जिम्मेदार?
- ये भी पढ़ें : सिरमौर में गाड़ियों की पासिंग और ड्राइविंग टेस्ट की तारीखें तय, नवंबर माह के लिए RTO ने जारी किया शेड्यूल
- ये भी पढ़ें : देवताओं के नजराने में 5, बजंतरियों के मानदेय में 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी; कुल्लू दशहरे के मंच से CM का ऐलान

