ऊना : जिला ऊना में नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। गुरूवार सुबह करीब 4:30 बजे STF नॉर्थ रेंज कांगड़ा की टीम ने पुलिस थाना गगरेट के अंतर्गत शिवबाड़ी चौक, अम्बोटा में मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को पकड़कर उनके कब्जे से 49.21 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) और 10,200 रुपये नकदी बरामद की।
पुलिस के अनुसार, ASI अंकुश शर्मा की अगुवाई में टीम ने कार्रवाई करते हुए राजन सिंह निवासी बस्ती मनी सिंह बाजरा, लुधियाना (ईस्ट), पंजाब तथा हर्षदीप सिंह निवासी गांव मानक बाल, जिला लुधियाना, पंजाब को पकड़ा। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस अब मामले की गहनता से जांच कर रही है। नशा तस्करी के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का भी पता लगाया जा सके।

