शिमला : हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से प्रदेश के कई जिलों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 12 और 13 नवंबर को प्रदेश के अलग-अलग जिलों में गरज-चमक, बिजली कड़कने और तेज हवाएं चलने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी के आसार हैं, जिससे तापमान में गिरावट और ठंड बढ़ सकती है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, मंगलवार रात से नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है।
इसके चलते मंगलवार को कांगड़ा, किन्नौर और लाहौल-स्पीति में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना जताई गई है। वहीं, प्रदेश के अन्य जिलों में मौसम सामान्य रहने का अनुमान है।
12 नवंबर को चार जिलों में अलर्ट
मौसम विभाग ने गुरुवार, 12 नवंबर को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जिले के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में एक-दो स्थानों पर बादल गरजने और बिजली चमकने के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
इसके अलावा हमीरपुर, मंडी और शिमला में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, किन्नौर और लाहौल-स्पीति के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है।
13 नवंबर को पांच जिलों में येलो अलर्ट
शुक्रवार, 13 नवंबर को मौसम विभाग ने चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिले में येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली कड़कने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
मौसम में इस बदलाव के चलते प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड बढ़ने के आसार हैं। वहीं, बारिश और बर्फबारी से मैदानी क्षेत्रों में भी तापमान में गिरावट आ सकती है।




