राजगढ़/संगड़ाह : देशभर में भैया दूज का पर्व भाई-बहन के स्नेह के प्रतीक के रूप में मनाया जाता है, लेकिन जिला सिरमौर के गिरिपार क्षेत्र में इस त्योहार से जुड़ी एक ऐसी अनूठी परंपरा भी है, जो हर किसी का ध्यान खींचती है।
जिला सिरमौर के गिरिपार के राजगढ़ और संगड़ाह आदि इलाकों में भैया दूज का पर्व एक अलग ही पारंपरिक रीति के साथ मनाया जाता है।
इस दिन क्षेत्र के दामाद अपनी ससुराल पहुंचते हैं और सास-ससुर के चरणों में विशेष भेंट अर्पित कर उनका आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। सदियों से चली आ रही यह परंपरा क्षेत्र की समृद्ध लोक संस्कृति और पारिवारिक संस्कारों की अनूठी पहचान बनी हुई है।
वरिष्ठ नागरिक एवं जाने माने साहित्यकार शेरजंग चौहान ने बताया कि गिरिपार क्षेत्र के राजगढ़ सहित विभिन्न गांवों में भैया दूज के अवसर पर यह परंपरा विशेष रूप से देखने को मिलती है।
जिन परिवारों में बेटियों का विवाह हुआ होता है, वहां उनके दामाद इस दिन सासू मां से मिलने पहुंचते हैं। वे अपनी सामर्थ्य और पारिवारिक परंपरा के अनुसार विशेष भेंट (चावल और अखरोट) लेकर आते हैं तथा उसे सासू मां के चरणों में अर्पित कर सम्मानपूर्वक उनका आशीर्वाद लेते हैं।
उन्होंने बताया कि गिरिपार क्षेत्र में सासू मां को भैया दूज पर भेंट अर्पित करना केवल एक औपचारिक रस्म नहीं, बल्कि पारिवारिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जाता है।
यदि किसी कारणवश दामाद भैया दूज के दिन अपनी ससुराल नहीं पहुंच पाते हैं, तो वह अगले एक सप्ताह के भीतर अपनी सुविधानुसार किसी भी दिन ससुराल जाकर सासू मां को भेंट अर्पित करते हैं और उनका आशीर्वाद लेते हैं।
इस तरह समय की व्यस्तता या अन्य कारणों के बावजूद इस परंपरा का निर्वहन अवश्य किया जाता है।
इस परंपरा के पीछे केवल रीति-रिवाज का निर्वहन ही नहीं, बल्कि बुजुर्गों के प्रति आदर-सम्मान, परिवारों के बीच आत्मीय संबंध और रिश्तों की गरिमा बनाए रखने की भावना भी जुड़ी हुई है।
भैया दूज के इस अवसर पर दामाद और सासू मां के बीच स्नेह एवं सम्मान का यह भाव पारिवारिक एकता को और मजबूत बनाता है।
आधुनिकता के इस दौर में जहां अनेक पारंपरिक रीति-रिवाज धीरे-धीरे विलुप्त होते जा रहे हैं, वहीं गिरिपार क्षेत्र आज भी अपनी पुरानी परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को पूरी श्रद्धा के साथ संजोए हुए हैं।
भैया दूज पर दामादों द्वारा सासू मां के चरणों में भेंट अर्पित कर आशीर्वाद लेने की यह परंपरा नई पीढ़ी को भी अपने बुजुर्गों का सम्मान करने और पारिवारिक मूल्यों को बनाए रखने की प्रेरणा देती है।
हालांकि, ये परंपरा गिरिपार के साथ साथ सिरमौर जिला के सैनधार और पच्छाद क्षेत्रों में भी निभाई जाती है। सैनधार और गिरिपार इलाकों के लोगों की आपस में अधिकांश रिश्तेदारियां हैं। लिहाजा, दोनों क्षेत्र इस परंपरा का पूरे सम्मान के साथ निर्वहन करते आ रहे हैं।




