होमHimachalSirmaurसदियों से नहीं बदली शिरगुल देवता के दरबार की यह परंपरा, दिवाली...

सदियों से नहीं बदली शिरगुल देवता के दरबार की यह परंपरा, दिवाली पर हजारों भक्त पहुंचे शाया, नवाया शीश

इस मेले की विशेषता यह है कि यहां श्रद्धालु देवता के दर्शन और पूजा-अर्चना को ही सबसे अधिक महत्व देते हैं।

राजगढ़ : हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध आराध्य देव शिरगुल देवता की जन्मस्थली शाया में दिवाली और पड़ई के अवसर पर आयोजित दो दिवसीय मेले में हजारों श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा।

इस दौरान सिरमौर जिला के गिरिपार क्षेत्र के अलावा शिमला, सोलन तथा पड़ोसी राज्य उत्तराखंड के जौनसार-बावर क्षेत्र से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और देवता के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

शिरगुल मंदिर शाया में दिवाली पर्व पर प्रतिवर्ष दो दिवसीय मेले का आयोजन किया जाता है। इस मेले की विशेषता यह है कि यहां श्रद्धालु देवता के दर्शन और पूजा-अर्चना को ही सबसे अधिक महत्व देते हैं।

भक्त अपने साथ भेंट स्वरूप चावल और अखरोट लेकर आते हैं तथा देवता के चरणों में अर्पित करते हैं। मंदिर में श्रद्धालुओं को प्रसाद के रूप में चावल के दाने दिए जाते हैं, जिन्हें लोग अपने घरों में श्रद्धा और आस्था के साथ सहेजकर रखते हैं।

ये भी पढ़ें:  हिमाचल निकेतन के निर्माण का सीएम ने किया निरीक्षण, छह माह में कार्य पूरा करने के दिए निर्देश

इस मेले में किसी सांस्कृतिक कार्यक्रम अथवा खेल गतिविधि का आयोजन नहीं होता, बल्कि पूरा वातावरण देव आस्था और परंपराओं से सराबोर रहता है।

मंदिर समिति के मीडिया प्रभारी एवं जाने-माने साहित्यकार शेरजंग चौहान ने बताया कि शिरगुल देवता का इसी गांव में प्रादुर्भाव हुआ था तथा चूड़धार पर्वत पर उन्होंने तपस्या की थी।

उन्होंने बताया कि मंदिर में वर्षभर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहता है, लेकिन साल में पड़ने वाली चार प्रमुख साजियों का विशेष धार्मिक महत्व है।

इनमें बैसाखी अर्थात बीशू की साजी, श्रावण मास की हरियाली साजी, दिवाली की साजी और मकर संक्रांति यानी माघ की साजी प्रमुख हैं। इसके अतिरिक्त प्रत्येक माह की संक्रांति पर भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु देवता के दर्शन करने पहुंचते हैं।

ये भी पढ़ें:  कोट ढांगर स्कूल के इन तीन नन्हें सितारों ने बिखेरी अपनी चमक, एक साथ नवोदय स्कूल में चयन

उन्होंने बताया कि शिरगुल देवता की मान्यता सिरमौर के गिरिपार क्षेत्र के साथ-साथ जिला शिमला के ऊपरी क्षेत्रों, सोलन तथा उत्तराखंड के जौनसार-बावर क्षेत्र में भी व्यापक रूप से प्रचलित है। इन क्षेत्रों में शिरगुल देवता को कुल देवता और आराध्य देव के रूप में पूजा जाता है।

शेरजंग चौहान के अनुसार शिरगुल देवता को चावल और अखरोट अर्पित करने की परंपरा सदियों पुरानी है, जो आज भी पूरी श्रद्धा के साथ निभाई जा रही है। हालांकि, समय के साथ अब श्रद्धालुओं ने नकद राशि चढ़ाने की परंपरा भी शुरू कर दी है।

उन्होंने कहा कि शाया मंदिर धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में भी तेजी से पहचान बना रहा है। यही कारण है कि अब स्थानीय श्रद्धालुओं के अलावा बाहरी क्षेत्रों से भी पर्यटक और धार्मिक आस्था रखने वाले लोग यहां दर्शन के लिए पहुंचने लगे हैं।

ये भी पढ़ें:  सिरमौर के द्राबिल स्कूल पहुंचा उड़न दस्ता, कैमरों से लेकर स्टोरेज तक की जांच… ऐसे हुई 10वीं की गणित परीक्षा की निगरानी

उन्होंने बताया कि इस मंदिर में दिवाली सहित अन्य प्रमुख मेलों तथा प्रत्येक माह की संक्रांति पर श्रद्धालुओं के लिए लंगर की व्यवस्था की जाती है, जिसमें हजारों लोग प्रसाद ग्रहण करते हैं।

Aapki Baat News Desk
Aapki Baat News Desk
"आपकी बात न्यूज़" एक लोकप्रिय हिंदी समाचार प्लेटफॉर्म है, जो राजनीति, समसामयिक घटनाओं, मनोरंजन, खेल और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर ताजे अपडेट्स प्रदान करता है।

Latest Articles

Explore More