होमHimachalUnaनशे के खिलाफ जंग में खेल बनेंगे मजबूत हथियार, मुकेश अग्निहोत्री ने...

नशे के खिलाफ जंग में खेल बनेंगे मजबूत हथियार, मुकेश अग्निहोत्री ने सिंगा में किया क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ

उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में नशे के खिलाफ मुहिम चलाई जा रही है। हमारा प्रयास है कि बच्चे और युवा नशे से दूर रहें तथा खेलों की ओर आकर्षित हों।

ऊना : उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि नशे के खिलाफ जंग में खेल मजबूत हथियार बन सकते हैं।

युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने और उन्हें नशे से दूर रखने के लिए खेल गतिविधियों को बढ़ावा देना जरूरी है। प्रदेश सरकार इस दिशा में लगातार प्रयास कर रही है और गांव-गांव में खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन युवाओं को खेलों से जोड़ने की महत्वपूर्ण पहल है।

मुकेश अग्निहोत्री ने रविवार को हरोली विधानसभा में शहीद भगत सिंह क्लब सिंगा द्वारा आयोजित तीन दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ किया।

इस प्रतियोगिता में 32 टीमें भाग ले रही हैं। उन्होंने आयोजन के लिए क्लब के पदाधिकारियों को बधाई दी और प्रतियोगिता में भाग ले रहे सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में नशे के खिलाफ मुहिम चलाई जा रही है। हमारा प्रयास है कि बच्चे और युवा नशे से दूर रहें तथा खेलों की ओर आकर्षित हों।

ये भी पढ़ें:  उपमुख्यमंत्री ने ऊना डिपो से ई-बस सेवा का किया शुभारंभ, जिले को मिलीं 50 इलेक्ट्रिक बसें

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने टूर्नामेंट के प्रथम पुरस्कार के लिए अपनी ओर से 51 हजार रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि खेलों के प्रति युवाओं की यही रुचि बनी रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि एक वर्ष के भीतर सिंगा का खेल मैदान तैयार हो जाएगा। इस पर 1.25 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे के कारोबार में खासकर चिट्टे में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। पंचायतों से भी अपने-अपने गांवों में नशे के कारोबार में शामिल लोगों की पहचान कर जानकारी देने का आग्रह किया गया है।

ऊना जिला में नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों की करीब 3 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि चिट्टा एक खतरनाक केमिकल ड्रग है, जो युवाओं का जीवन बर्बाद कर रहा है। इसके खिलाफ विशेष अभियान चलाने के साथ ही बच्चों को जागरूक भी किया जा रहा है।

ये भी पढ़ें:  हाटी जनजाति कानून पर हाईकोर्ट में बहस पूरी, अब फैसले का इंतजार; केंद्रीय हाटी समिति ने की यह अपील

उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार में शामिल सरकारी कर्मचारियों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की गई है। प्रदेश में करीब दो दर्जन ऐसे सरकारी कर्मचारियों को नौकरी से बर्खास्त किया गया है, जो चिट्टे की सप्लाई में संलिप्त थे।

नशे के कारोबार से अर्जित संपत्तियों को भी जब्त किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ यह लड़ाई केवल सरकार या पुलिस की नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है।

मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण इस इलाके में नशे की चुनौती अधिक है। यूथ क्लब, पंचायतें, महिला मंडल और गांव के बुद्धिजीवी लोग एकजुट होकर आगे आएं तो इस मुहिम को और प्रभावी बनाया जा सकता है। यह कोई राजनीतिक विषय नहीं, बल्कि प्रदेश की युवा पीढ़ी के भविष्य से जुड़ा सवाल है।

ये भी पढ़ें:  सिरमौर में 'राइजोम रोट' ने निगला 24.50 करोड़ का अदरक, 25% फसल बर्बाद 

इस अवसर पर सचिव जिला कांग्रेस कमेटी शाम चड्ढा, ग्राम पंचायत सिंगा के प्रधान डॉ. अशोक कुमार, पंचायत समिति सदस्य सुनीता, पूर्व प्रधान संतोष कुमारी, शिव मंदिर कमेटी के प्रधान जगदीश राणा, कांग्रेस नेता बलविंद्र बब्बी, संजीव कुमार, गुलशन कुमार सहित महिला मंडलों के सदस्य और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Latest Articles

Explore More