होमHimachalSirmaurनाहन मेडिकल कॉलेज की बदहाली पर फूटा भाजपा का गुस्सा, बिंदल के...

नाहन मेडिकल कॉलेज की बदहाली पर फूटा भाजपा का गुस्सा, बिंदल के नेतृत्व में प्रदर्शन, कांग्रेस सरकार के खिलाफ नारेबाजी

डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस सरकार के शासन में नाहन अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।

नाहन : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने नाहन मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की बदहाली के खिलाफ रविवार को नाहन में भाजपा द्वारा आयोजित प्रचंड विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व किया।

इस अवसर पर डॉ. बिंदल ने कांग्रेस सरकार के साथ स्थानीय विधायक पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार ने नाहन अस्पताल एवं मेडिकल कॉलेज को अपनी नाकामियों का स्मारक बना दिया है।

जिस अस्पताल से नाहन और सिरमौर के हजारों लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलनी चाहिए थीं, वह आज केवल रेफरल अस्पताल बनकर रह गया है। दूरदराज क्षेत्रों से इलाज की उम्मीद लेकर आने वाले मरीजों को दर-दर भटकना पड़ रहा है। कांग्रेस सरकार ने जनता को स्वास्थ्य सुविधाएं देने के बजाय उन्हें परेशानियों के हवाले कर दिया है।

रेडियोलॉजी विभाग पर लटके ताले
डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस सरकार के शासन में नाहन अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। अस्पताल के रेडियोलॉजी विभाग पर ताले जड़े हैं।

अल्ट्रासाउंड और सीटी स्कैन जैसी अति आवश्यक सुविधाएं बंद पड़ी हैं। मरीजों को इन जांचों के लिए बाहर जाना पड़ रहा है। यह बेहद शर्मनाक स्थिति है कि मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल होने के बावजूद मरीजों को बुनियादी जांच सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं।

उन्होंने कहा कि अस्पताल के पांच ऑपरेशन थिएटर में से दो ऑपरेशन थिएटर महीनों से बंद पड़े हैं। केवल छोटी-सी मशीनरी की कमी के कारण ऑपरेशन थिएटर बंद रहना सरकार की स्वास्थ्य व्यवस्था के प्रति गंभीर लापरवाही को दर्शाता है।

छत टपक रही है, सीलिंग मरीजों पर गिर रही
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि नाहन अस्पताल के भवन की हालत बेहद खस्ता हो चुकी है। छतें टपक रही हैं, सीलिंग मरीजों पर गिर रही है और शौचालयों की हालत खराब है। अस्पताल में मरीजों को उपचार के साथ-साथ बुनियादी सुविधाओं के लिए भी संघर्ष करना पड़ रहा है। इस दुर्दशा का सबसे बड़ा कारण नए मेडिकल कॉलेज भवन का निर्माण समय पर पूरा न होना है।

ये भी पढ़ें:  हिमाचल प्रदेश में दर्दनाक सड़क हादसा, 5 लोगों की मौत, एक घायल, मची चीख पुकार

मरीजों पर हजारों रुपये का अतिरिक्त बोझ
डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस सरकार में अस्पताल में रोगी पर्ची के पैसे बढ़ गए हैं। मरीजों को दवाइयां बाहर से खरीदनी पड़ती हैं, अल्ट्रासाउंड और सीटी स्कैन बाहर से करवाने पड़ते हैं तथा ऑपरेशन थिएटर का सामान तक बाहर से लाना पड़ता है। गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों पर हजारों रुपये का अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि अस्पताल की आपातकालीन सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हैं। छोटे-बड़े रोगियों को लगातार शिमला और चंडीगढ़ रेफर किया जा रहा है। नाहन और सिरमौर की जनता अपने ही मेडिकल कॉलेज में उपचार के लिए तरस रही है। आखिर मेडिकल कॉलेज होने का क्या लाभ, जब मरीजों को इलाज के लिए दूसरे शहरों में जाना पड़े?

नाहन में होता 500 बिस्तरों का अस्पताल, 8 बड़े ऑपरेशन थिएटर
डॉ. बिंदल ने कहा कि काश कांग्रेस सरकार ने समय रहते भवन निर्माण का कार्य पूरा करवाया होता तो आज नाहन में 500 बिस्तरों का अस्पताल होता, 8 बड़े ऑपरेशन थिएटर होते, ओपीडी के लिए पर्याप्त जगह होती और आपातकालीन सेवाओं एवं माइनर ऑपरेशन थिएटर की बेहतरीन व्यवस्था होती।

आज दो-तीन माताओं और बहनों को एक ही बिस्तर पर रहने के लिए मजबूर नहीं होना पड़ता। डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ और पीजी डॉक्टरों की संख्या में भारी इजाफा होता। सीटी स्कैन, एमआरआई, अल्ट्रासाउंड और अन्य इन्वेस्टिगेशन के लिए पूरी व्यवस्था होती। मरीजों को उपचार के लिए नाहन से बाहर नहीं जाना पड़ता।

उन्होंने कहा कि इन सभी समस्याओं के लिए वर्तमान कांग्रेस सरकार और नाहन के विधायक पूरी तरह जिम्मेवार हैं।

मेडिकल कॉलेज भवन का निर्माण चार साल से ठप
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मेडिकल कॉलेज भवन के निर्माण के लिए केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा 260 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया था और 260 करोड़ रुपये का टेंडर भी हुआ था, लेकिन पिछले चार वर्षों से निर्माण कार्य बंद पड़ा है। एक भी ईंट नहीं लगाई गई। कांग्रेस सरकार ने नाहन की जनता के साथ बहुत बड़ा अन्याय किया है और 260 करोड़ रुपये की इस महत्वपूर्ण परियोजना को बर्बादी की कगार पर पहुंचा दिया है।

ये भी पढ़ें:  राज्य चयन आयोग ने घोषित किया TGT मेडिकल का फाइनल परिणाम, 166 उम्मीदवारों का चयन

उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने पिछले चार वर्षों से जनता को नए स्थान पर मेडिकल कॉलेज बनाने के नाम पर लगातार गुमराह किया है। लेकिन आज तक न उस स्थान का पता है और न ही जमीन का। अब चुनाव में केवल छह महीने शेष हैं। ऐसे में छह महीने में केवल शिलान्यास करके जनता के जख्मों पर नमक छिड़कने का प्रयास किया जाएगा।

मातृ-शिशु अस्पताल के 20 करोड़ का अता-पता नहीं
डॉ. बिंदल ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने नाहन में मातृ-शिशु अस्पताल (एमसीएच) और नर्सिंग कॉलेज की स्वीकृति प्रदान की थी। नर्सिंग कॉलेज वर्ष 2024 में शुरू होना चाहिए था। इसके लिए केंद्र सरकार ने 70 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया था। प्रदेश सरकार ने भी अपने बजट में इसकी घोषणा की थी, लेकिन आज तक नर्सिंग कॉलेज का नामोनिशान तक नहीं है।

उन्होंने कहा कि मातृ-शिशु अस्पताल के लिए वर्ष 2022 में वर्तमान अस्पताल के साथ लगती भूमि का चयन किया गया था। पेड़ कटान की अनुमति लेकर पेड़ भी काट दिए गए थे। भवन निर्माण का कार्य शुरू होना था। केंद्र की मोदी सरकार ने एमसीएच के लिए 20 करोड़ रुपये भी दिए, लेकिन आज तक न मातृ-शिशु अस्पताल बना और न ही उन 20 करोड़ रुपये का कोई पता है।

6-7 किमी दूर एमसीएच बनाने की योजना पर सवाल
डॉ. बिंदल ने कहा कि ऐसी जानकारी मिल रही है कि मातृ-शिशु अस्पताल के लिए नाहन से 6-7 किलोमीटर दूर भूमि का चयन किया जा रहा है। यह बेहद हैरानी की बात है कि जब वर्तमान अस्पताल के साथ ही भूमि का चयन हो चुका था और पेड़ भी काटे जा चुके थे, तो अब इतनी दूर एमसीएच अस्पताल बनाने की क्या आवश्यकता है? आखिर सरकार किसका भला करना चाहती है? पहले से चयनित भूमि पर वर्षों तक काम क्यों नहीं किया गया?

ये भी पढ़ें:  ITI नाहन में खाली सीटों पर एडमिशन का मौका, 11 अगस्त तक करें आवेदन, 12 से 14 अगस्त तक स्पॉट राउंड

नाहन कॉलेज को मिली 32 पीजी सीट्स और 42 करोड़ रुपये
डाॅ. बिंदल ने केंद्र की मोदी सरकार व जगत प्रकाश नड्डा की सरकार का धन्यवाद देते हुए कहा कि नाहन मेडिकल काॅलेज में माकूल सुविधाएं न होने के बावजदू 32 पीजी और एमडीएमएस की सीटें स्वीकृत की गई और इसके लिए 42 करोड़ रुपये नाहन मेडिकल काॅलेज के लिए स्वीकृत किया गया। साथ ही 8 करोड़ रुपये नाहन मेडिकल काॅलेज में अनेक प्रकार की मनीशनरी एवं अन्य प्रावधान के लिए नकद भेजा गया है।

डाॅ. बिंदल ने आरोप लगाया कि जिस प्रकार भवन निर्माण के 260 करोड़ रुपये नर्सिंग काॅलेज के 70 करोड़ रुपये, माता एवं शिशु अस्पताल के 20 करोड़ रुपये खड्डे में डाल दिए गए हैं, उसी प्रकार ये 42 करोड़ और 8 करोड़ बर्बाद न किए जाएं।

जनता देगी मुंहतोड़ जवाब
डॉ. बिंदल ने कहा कि नाहन अस्पताल एवं मेडिकल कॉलेज की यह दुर्दशा कांग्रेस सरकार की विफलता और नाहन के कांग्रेस विधायक की उदासीनता का परिणाम है। कांग्रेस सरकार को जनता के स्वास्थ्य, मरीजों की परेशानियों और नाहन के भविष्य की कोई चिंता नहीं है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा जनहित के मुद्दों को इसी प्रकार प्रचंड तरीके से उठाती रहेगी। नाहन की जनता को उनके अधिकारों से वंचित नहीं होने दिया जाएगा। आवश्यकता पड़ी तो इससे भी अधिक प्रचंड तरीके से प्रदर्शन और विरोध दर्ज करवाया जाएगा। स्वास्थ्य सुविधाओं से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Aapki Baat News Desk
Aapki Baat News Desk
"आपकी बात न्यूज़" एक लोकप्रिय हिंदी समाचार प्लेटफॉर्म है, जो राजनीति, समसामयिक घटनाओं, मनोरंजन, खेल और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर ताजे अपडेट्स प्रदान करता है।

Latest Articles

Explore More