पांवटा साहिब : जिला सिरमौर के उपमंडल पांवटा साहिब में हुए सड़क हादसे में बाइक चालक पूर्व सैनिक की दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे के बाद घायल को एंबुलेंस की मदद से पांवटा साहिब अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार रजत चौहान निवासी वार्ड नंबर-6, बांगरन चौक पांवटा साहिब ने शिकायत दर्ज करवाई कि वह भूपपुर में सड़क किनारे खड़ा था।
इसी दौरान बद्रीपुर की तरफ से एक मोटरसाइकिल रैनबैक्सी चौक की ओर जा रही थी। उसी दिशा में एक ट्रक भी जा रहा था। आरोप है कि ट्रक चालक ने लापरवाही से चलते हुए कंडक्टर साइड से मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि टक्कर लगने से बाइक सवार सड़क पर गिर गया और ट्रक के पिछले टायर के नीचे आ गया।
मृतक मोटरसाइकिल चालक की पहचान सुखदर्शन शर्मा (48) पुत्र नाथ सिंह निवासी गांव कठाना, डाकघर सुरला, तहसील एवं थाना नाहन के रूप में हुई है।
जानकारी मिली है कि सुखदर्शन शर्मा लगभग दो वर्ष पूर्व भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हुए थे। उनके अचानक निधन से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। वे अपने पीछे पत्नी और दो बेटों को छोड़ गए हैं।
शिकायतकर्ता के अनुसार हादसे के बाद ट्रक चालक अनवर अली निवासी हरिपुर टोहाना ट्रक लेकर रैनबैक्सी की तरफ चला गया।
उन्होंने बताया कि घायल सुखदर्शन को एंबुलेंस से पांवटा साहिब अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस थाना पांवटा साहिब में ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस हादसे की जांच में जुटी है।
- ये भी पढ़ें : चिट्टा तस्करी मामलों में 21 पुलिसकर्मी समेत 51 कर्मचारियों की गई नौकरी, 159 लोग जेल पहुंचे: CM सुक्खू
- ये भी पढ़ें : हिमाचल में भालुओं के हमलों से बढ़ा खौफ! कोटखाई में 23 घटनाएं दर्ज, अब मानव सुरक्षा के लिए बनेगा विशेष एक्शन प्लान





