नाहन : राजकीय शमशेर वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नाहन में 79वां एनसीसी दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय की कार्यवाहक प्रधानाचार्य रजनी शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
एनसीसी सेकंड ऑफिसर अमित शर्मा के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में देशभक्ति और रचनात्मकता को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं करवाई गईं।
कार्यक्रम में एनसीसी के 50 कैडेट्स ने भाषण, नारा लेखन, निबंध लेखन, चित्रकला और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
भाषण प्रतियोगिता में कृतिका शर्मा (कक्षा 9वीं-बी) ने पहला, सचिन चौहान (कक्षा 7वीं) ने दूसरा और आदित्य सिंह (कक्षा 9वीं-ए) ने तीसरा स्थान हासिल किया। नारा लेखन में सचिन चौहान प्रथम, आदित्य सिंह द्वितीय और रितिका (कक्षा 8वीं-ए) तृतीय स्थान पर रहीं।
निबंध लेखन प्रतियोगिता में आदित्य सिंह ने पहला, सचिन चौहान ने दूसरा और दिव्या भारती (कक्षा 9वीं-ए) ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। चित्रकला प्रतियोगिता में भी आदित्य सिंह ने प्रथम स्थान हासिल किया। मीनाक्षी (कक्षा 9वीं-बी) दूसरे और करण (कक्षा 9वीं-बी) तीसरे स्थान पर रहे।
प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में टीम ए के आदित्य सिंह और अंकित ने पहला स्थान प्राप्त किया। टीम डी की कृतिका और आशिमा दूसरे तथा टीम बी के दिलप्रीत और गौरव तीसरे स्थान पर रहे।
समापन अवसर पर कार्यवाहक प्रधानाचार्य रजनी शर्मा और एनसीसी अधिकारी अमित शर्मा ने विजेता प्रतिभागियों को बधाई दी। उन्होंने कैडेट्स को अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र सेवा की भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर भावना, प्रज्ञा चौहान, वनीता तोमर, श्यामा, मोनिका, संगीता, उषा, नीरज बाला, गीता, सोनिया, हरीश भूषण और विनोद सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक भी मौजूद रहे।
- ये भी पढ़ें : असिस्टेंट स्टाफ नर्स भर्ती का फाइनल परिणाम घोषित, 11415 अभ्यर्थियों ने किया था आवेदन, 770 का चयन
- ये भी पढ़ें : खेलो इंडिया यूथ गेम्स के लिए अंडर-18 कबड्डी टीम का चयन 24 को, खेल छात्रावास बिलासपुर में होंगे ट्रायल





