शिमला/नाहन : वन अराजपत्रित कर्मचारी सेवाएं महासंघ हिमाचल प्रदेश के राज्यस्तरीय चुनाव में शिमला वन वृत्त के दिनेश कुमार ने प्रदेशाध्यक्ष पद पर जीत हासिल की है।
उन्होंने 177 मत प्राप्त कर मंडी वन वृत्त के पवन ठाकुर को 71 मतों से पराजित किया। पवन ठाकुर को 106 मत मिले। वहीं, नाहन वन वृत्त के नायब सिंह को राज्य स्तर पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
22 नवंबर को आयोजित चुनाव में प्रदेश के सभी वन वृत्तों से कर्मचारियों ने भाग लिया। राज्याध्यक्ष पद के लिए शुरुआत में तीन उम्मीदवार मैदान में थे।
इनमें वन्य प्राणी वन वृत्त के संतोष ठाकुर (उप वन राजिक), शिमला वन वृत्त के दिनेश कुमार (उप वन राजिक) और मंडी वन वृत्त के पवन ठाकुर (वन रक्षक) शामिल थे। बाद में संतोष ठाकुर ने अपना नाम वापस ले लिया। शेष दो उम्मीदवारों के बीच सहमति नहीं बनने पर मतदान करवाया गया।
चुनाव में बिलासपुर वन वृत्त के हंसराज को राज्य महासचिव तथा नाहन वन वृत्त के नायब सिंह को वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर सर्वसम्मति से चुना गया।
मुख्य चुनाव प्रभारी एवं डीएफओ मुख्यालय दिनेश पॉल ने दिनेश कुमार को विधिवत प्रदेशाध्यक्ष घोषित किया। इसके बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।
कई अहम ओहदे संभाल चुके हैं नायब सिंह
नाहन वन वृत्त के नायब सिंह वर्ष 2010 में वन विभाग में वन रक्षक के पद पर नियुक्त हुए थे। इससे पहले वह नाहन वन वृत्त की कार्यकारिणी में प्रेस सचिव की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।
इसी वर्ष उन्हें नाहन वन वृत्त में वरिष्ठ उपाध्यक्ष बनाया गया था। अब राज्यस्तरीय कार्यकारिणी में भी उन्हें वरिष्ठ उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली है।
वन विभाग में अपनी सक्रिय भूमिका और वन माफिया के खिलाफ सख्त रुख के चलते भी नायब सिंह की पहचान रही है। नायब सिंह का नाम वन माफियाओं के लिए किसी बड़े खौफ से कम नहीं है।
बता दें कि नाहन सर्किल की हाल ही में गठित कार्यकारिणी के अध्यक्ष अनवर चौहान की पहल और सूझबूझ को भी इस उपलब्धि का श्रेय दिया जा रहा है। उनके प्रयासों से नाहन सर्किल को राज्यस्तरीय कार्यकारिणी में महत्वपूर्ण प्रतिनिधित्व मिला है।
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को कर्मचारियों ने बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि नई कार्यकारिणी वन कर्मचारियों के अधिकारों, सम्मान और समस्याओं को मजबूती से उठाएगी।
- ये भी पढ़ें : CU के दीक्षांत समारोह में CM सुक्खू बोले- नए शैक्षणिक सत्र से स्कूलों के एडमिशन फॉर्म से हटेगा जाति का कॉलम
- ये भी पढ़ें : मेडिकल कॉलेज नेरचौक में अबतक दो सौ से ज्यादा रोबोटिक सर्जरी, विश्वस्तरीय तकनीक मरीजों के लिए बनी वरदान





