होमHimachalShimlaCM सुक्खू बोले- केंद्रीय सार्वजनिक उपक्रमों के 40 वर्ष पूरे होने के...

CM सुक्खू बोले- केंद्रीय सार्वजनिक उपक्रमों के 40 वर्ष पूरे होने के बाद राज्य को मिलेगी 50 प्रतिशत मुफ्त बिजली रॉयल्टी

इस संशोधन के तहत केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों, जिनमें एनएचपीसी, एसजेवीएन और एनटीपीसी शामिल हैं

शिमला : हिमाचल प्रदेश की वित्तीय स्थिति को मजबूत करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए राज्य सरकार ने स्वर्ण जयंती ऊर्जा नीति-2021 में संशोधन को मंजूरी प्रदान की है।

इस संशोधन के तहत केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों, जिनमें एनएचपीसी, एसजेवीएन और एनटीपीसी शामिल हैं, द्वारा संचालित जलविद्युत परियोजनाओं के संचालन शुरू होने के 40 वर्ष पूरे होने के बाद मिलने वाली मुफ्त बिजली रॉयल्टी को बढ़ाया जाएगा।

संशोधित प्रावधानों के अनुसार, इन परियोजनाओं को 40 वर्ष पूरे होने के बाद अगले 10 वर्षों तक राज्य सरकार को 50 प्रतिशत की बढ़ी हुई दर से मुफ्त बिजली रॉयल्टी देनी होगी।

इसके बाद परियोजना संचालित होने के 50 वर्ष पूरे होने पर संबंधित परियोजनाएं सभी प्रकार की देनदारियों से मुक्त होने के बाद बिना किसी लागत के राज्य सरकार को हस्तांतरित कर दी जाएंगी। इन प्रावधानों को लागू करने के लिए संबंधित केंद्रीय सार्वजनिक उपक्रमों के साथ अलग-अलग समझौते किए जाएंगे।

ये भी पढ़ें:  PMFME योजना में मंडी की छलांग, प्रदेश में तीसरा स्थान, अब तक 328 आवेदन मंजूर; खाद्य प्रसंस्करण में बढ़ा स्वरोजगार

वर्तमान में मौजूदा नीति के तहत राज्य को मुफ्त बिजली रॉयल्टी के रूप में पहले 12 वर्षों तक 12 प्रतिशत, आगामी 18 वर्षों तक 18 प्रतिशत और शेष 10 वर्षों तक 30 प्रतिशत बिजली प्रदान की जाती है।

30 सितंबर, 2024 को अधिसूचित प्रावधान मुख्य रूप से केंद्रीय और राज्य सार्वजनिक उपक्रमों तथा संयुक्त क्षेत्र की संस्थाओं को आवंटित या आवंटित की जाने वाली परियोजनाओं पर लागू थे।

इसके कारण एनएचपीसी, एसजेवीएन और एनटीपीसी द्वारा पहले से ही संचालित जलविद्युत परियोजनाओं से रॉयल्टी बढ़ाने का मामला सम्मिलित नहीं हो पा रहा था।

इस संशोधन के दायरे में प्रदेश की कई प्रमुख जलविद्युत परियोजनाएं आएंगी। इनमें एनएचपीसी की बैरा स्यूल, चमेरा-1, चमेरा-2, चमेरा-3, पार्वती चरण-2 और पार्वती चरण-3 परियोजनाएं शामिल हैं।

वहीं, एसजेवीएन की नाथपा झाकड़ी और रामपुर परियोजनाएं तथा एनटीपीसी की कोल बांध परियोजना भी इसके अंतर्गत आएंगी। उल्लेखनीय है कि बैरा स्यूल जलविद्युत परियोजना वर्ष 1982 में शुरू हुई थी और इसे व्यावसायिक रूप से संचालित हुए 40 वर्ष से अधिक का समय हो चुका है।

ये भी पढ़ें:  पांवटा साहिब में बाइक सवार दो युवकों से स्मैक बरामद, गुप्त सूचना पर पुलिस ने दबोचा

हिमाचल प्रदेश जैसे पहाड़ी राज्य के लिए जल सबसे मूल्यवान प्राकृतिक संसाधनों में से एक है। इस बात को ध्यान में रखते हुए प्रदेश सरकार का मत है कि राज्य की विशिष्ट भौगोलिक और आर्थिक परिस्थितियों को देखते हुए जल संसाधनों के उपयोग से होने वाले लाभों में प्रदेश की उचित हिस्सेदारी सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है।

इस संशोधन का उद्देश्य विशेष रूप से उन जलविद्युत परियोजनाओं से राज्य को अधिक और उचित लाभ दिलाना है, जिन्होंने अपने संचालन के 40 वर्ष पूरे कर लिए हैं।

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार हिमाचल प्रदेश के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और सरकार प्रदेशवासियों को अधिकतम लाभ प्रदान करने के उद्देश्य से राज्य के प्राकृतिक संसाधनों का सर्वोत्तम उपयोग सुनिश्चित कर रही है।

ये भी पढ़ें:  तीन साल से यातायात के लिए बंद पड़ी सांगना-सत्ताहन संपर्क सड़क, फसलों को मंडी और बीमार को अस्पताल पहुंचाना चुनौती

उन्होंने कहा कि जलविद्युत राज्य की आय के प्रमुख स्रोतों में से एक है और यह सुनिश्चित करना आवश्यक है कि हिमाचल प्रदेश को अपने जल संसाधनों का उपयोग करने वाली परियोजनाओं में उसका उचित हिस्सा मिले।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मुफ्त बिजली रॉयल्टी में की गई इस वृद्धि से राज्य की वित्तीय स्थिति मजबूत होगी तथा विकासात्मक और जनकल्याणकारी गतिविधियों के लिए अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध होंगे।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और प्रदेश की जनता को अपने बहुमूल्य प्राकृतिक संसाधनों से उचित और समान लाभ प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयास करती रहेगी।

Aapki Baat News Desk
Aapki Baat News Deskhttps://aapkibaatnews.com
आपकी बात न्यूज डेस्क देश, प्रदेश और स्थानीय स्तर की हर महत्वपूर्ण खबर को तेज, विश्वसनीय और तथ्यात्मक तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है। राजनीति, समाज, प्रशासन, शिक्षा, अपराध, मनोरंजन और जनसरोकार से जुड़े हर मुद्दे पर सटीक जानकारी और प्रभावशाली प्रस्तुति हमारी प्राथमिकता है, ताकि पाठकों को हर बड़ी अपडेट एक ही मंच पर मिल सके।

Latest Articles

Explore More