HomeCrimeमेडिकल रिपोर्ट ने खोला मौत का राज, 5 दिन उपचार के दौरान...

मेडिकल रिपोर्ट ने खोला मौत का राज, 5 दिन उपचार के दौरान एक भी शब्द नहीं बोल पाया पीड़ित, हत्या का केस दर्ज

नाहन : हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर में 44 वर्षीय व्यक्ति बलवंत सिंह की कथित मारपीट के बाद मौत का मामला सामने आया है. मामला पुलिस थाना संगड़ाह के तहत नौहराधार क्षेत्र के गांव कुफ्फर कायरा का है. मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने इस मामले में हत्या का केस दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक बलवंत सिंह अपने गांव में अपनी मां के साथ रह रहा था. 12 अप्रैल को उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई. बलवंत के रिश्तेदार संजीव ने जानकारी दी कि सुबह करीब 10 बजे उन्हें चचेरे भाई जय प्रकाश का फोन आया कि बलवंत को उल्टियां हो रही हैं और उसकी हालत गंभीर है, जिसके बाद उसे तुरंत राजगढ़ अस्पताल लाया गया.

ये भी पढ़ें:  आपदा प्रभावित परिवारों को 5000 रुपये मासिक किराया देगी सरकार : मुख्यमंत्री

यहां से बलवंत को सोलन और फिर पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया, लेकिन यहां भी उपचार के दौरान उसकी हालत बिगड़ती गई और ईलाज के दौरान 15 अप्रैल की रात को उसकी मौत हो गई.

बताया जा रहा है कि पहले यह सामान्य बीमारी का मामला माना जा रहा था, लेकिन मेडिकल रिपोर्ट ने इस मौत के पीछे एक गहरी साजिश की ओर इशारा किया. रिपोर्ट में बलवंत के सिर में गंभीर अंदरूनी चोट, दाहिनी कलाई पर खरोंच और बाएं गाल पर नीले निशान पाए गए. इसके बाद मृतक के परिजनों ने शक जाहिर किया कि ये चोटें सामान्य नहीं हैं.

ये भी पढ़ें:  6 अप्रैल को सोलन में होगा चूड़ेश्वर सेवा समिति का महा अधिवेशन, इन विषयों पर भी चर्चा

इसी बीच 15 अप्रैल को पीजीआई पहुंचे परिजनों को गांव के एक युवक से जानकारी मिली कि 11 अप्रैल को बलवंत सिंह का गांव के ही प्रेम पाल के साथ खेत में झगड़ा हुआ था. धक्का-मुक्की के दौरान प्रेमपाल द्वारा धक्का दिए जाने पर बलवंत जमीन पर गिर गया.

इसके बाद बलवंत 12 अप्रैल से ही बेहोश था और आखिरी वक्त तक एक शब्द भी नहीं बोल पाया. माना जा रहा है कि संभवतः मारपीट के दौरान गिरना ही बलवंत की मौत का कारण बना. लिहाजा, पुलिस ने इस मामले में हत्या का केस दर्ज किया है.

उधर, डीएसपी मुकेश डडवाल ने बताया कि मेडिकल सहित पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर इस मामले में हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है. वीरवार को इस मामले में आरोपी प्रेमपाल को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिसे शुक्रवार को अदालत में पेश किया जाएगा. पुलिस मामले में गहनता से जांच कर रही है.

ये भी पढ़ें:  राजगढ़ कॉलेज की शुभ्रा ने सितार वादन में पाया तीसरा स्थान, बढ़ाया इलाके का मान
Hitesh Sharma
Hitesh Sharmahttps://aapkibaatnews.com
हितेश शर्मा 'आपकी बात न्यूज़ नेटवर्क' के संस्थापक और मुख्य संपादक हैं। दो दशकों से भी अधिक लंबे अपने करिअर में, वे 'अमर उजाला' 'दैनिक भास्कर' दैनिक ट्रिब्यून, पंजाब केसरी और दिव्य हिमाचल जैसे प्रमुख प्रकाशनों में महत्वपूर्ण संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं। एक अनुभवी पत्रकार और पूर्व ब्यूरो प्रमुख के तौर पर, हितेश अपनी गहन ज़मीनी रिपोर्टिंग और नैतिक व प्रभावशाली पत्रकारिता के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित हैं। वे जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन रिपोर्टिंग करने में विशेषज्ञता रखते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हर कहानी को पूरी गहराई और ज़िम्मेदारी के साथ प्रस्तुत किया जाए।

Latest Articles

Explore More