HomeHimachalहिमाचल में भरे जाएंगे होमगार्ड कर्मियों के 700 पद, अग्निशमन सेवा सप्ताह...

हिमाचल में भरे जाएंगे होमगार्ड कर्मियों के 700 पद, अग्निशमन सेवा सप्ताह के समापन पर बोले मुख्यमंत्री

शिमला : मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शिमला जिला के बलदेयां में राज्य अग्निशमन प्रशिक्षण केंद्र में अग्निशमन सेवा सप्ताह के समापन समारोह की अध्यक्षता की. समापन समारोह के दौरान अग्निशमन विभाग के कर्मियों द्वारा अग्निशमन और बचाव कार्यों का प्रभावशाली प्रदर्शन किया गया.

मुख्यमंत्री ने विभाग की आपातकालीन प्रतिक्रिया क्षमताओं को बढ़ाने के लिए 13 नए अग्निशमन वाहनों को भी हरी झंडी दिखाई. समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने अग्निशमन सेवा कर्मियों को उनकी अनुकरणीय सेवाओं के लिए सम्मानित किया और 14 से 20 अप्रैल तक आयोजित अग्निशमन सेवा सप्ताह के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए.

उन्होंने शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि भी अर्पित की और सोलन जिला के नालागढ़ में वर्ष 2009 में ड्यूटी के दौरान शहीद हुए दो अग्निशमन कर्मियों, शहीद जोगिंद्र पाल और शहीद घनश्याम के परिवारों को 5-5 लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान करने की घोषणा की.

ये भी पढ़ें:  हेलमेट से जानलेवा हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार, जांच में जुटी पुलिस

मुख्यमंत्री ने अग्निशमन, होमगार्ड और पुलिस कर्मियों की बहादुरी और कार्य के प्रति समर्पण भाव की सराहना करते हुए कहा कि आग की भयावता के बीच जान-माल की रक्षा करना कर्तव्य के निर्वहन के साथ-साथ एक महान सेवा भी है. उन्होंने इस बात पर बल दिया कि भौगोलिक परिस्थितियों के दृष्टिगत हिमाचल प्रदेश की प्राकृतिक आपदाओं के प्रति संवेदनशीलता को देखते हुए राज्य सरकार अग्निशमन सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रही है.

उन्होंने कहा कि सरकार होमगार्ड विभाग में रिक्त पदों को भरने के लिए प्रयास कर रही है और शीघ्र ही 700 नए होमगार्ड कर्मियों की भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी. मुख्यमंत्री ने वर्ष 2023 की आपदा के दौरान अग्निशमन सेवाओं, होमगार्ड और एसडीआरएफ कर्मियों द्वारा निभाई गई महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की.

ये भी पढ़ें:  नगर पंचायत राजगढ़ में नवनिर्वाचित पार्षदों ने ली पद एवं गोपनीयता की शपथ

सुक्खू ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार ने प्राकृतिक आपदाओं और राजनीतिक चुनौतियों को सफलतापूर्वक पार किया है और हिमाचल को आत्मनिर्भर राज्य बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है. पिछली भाजपा सरकार पर सार्वजनिक धन के कुप्रबंधन का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार ने भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाया है और भ्रष्टाचार के दरवाजे बंद करके 2200 करोड़ रुपये का अतिरिक्त राजस्व अर्जित किया है.

उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में महत्वपूर्ण सुधार कर रही है. राज्य सरकार 100 स्कूलों से शुरुआत करते हुए सरकारी स्कूलों में सीबीएसई पाठ्यक्रम शुरू करने पर विचार कर रही है. प्रदेश के लोगों को बेहतर चिकित्सा सेवाएं प्रदान करने के लिए स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधार किए जा रहे हैं.

ये भी पढ़ें:  सरकारी भवनों में पंचायतों की मदद से संचालित होंगे रीडिंग रूम और अपना पुस्तकालय: अपूर्व देवगन
Hitesh Sharma
Hitesh Sharmahttps://aapkibaatnews.com
हितेश शर्मा 'आपकी बात न्यूज़ नेटवर्क' के संस्थापक और मुख्य संपादक हैं। दो दशकों से भी अधिक लंबे अपने करिअर में, वे 'अमर उजाला' 'दैनिक भास्कर' दैनिक ट्रिब्यून, पंजाब केसरी और दिव्य हिमाचल जैसे प्रमुख प्रकाशनों में महत्वपूर्ण संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं। एक अनुभवी पत्रकार और पूर्व ब्यूरो प्रमुख के तौर पर, हितेश अपनी गहन ज़मीनी रिपोर्टिंग और नैतिक व प्रभावशाली पत्रकारिता के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित हैं। वे जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन रिपोर्टिंग करने में विशेषज्ञता रखते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हर कहानी को पूरी गहराई और ज़िम्मेदारी के साथ प्रस्तुत किया जाए।

Latest Articles

Explore More