नाहन : जिला मुख्यालय नाहन में शहरी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए मंगलवार को एसडीएम नाहन राजीव सांख्यान खुद ग्राउंड पर उतरे। उन्होंने शहर का पैदल भ्रमण कर बाजार, सड़कों, सफाई, पार्किंग और अतिक्रमण की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ आरटीओ सिरमौर सोना चंदेल, नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी अजय गर्ग, सफाई निरीक्षक सुलेमान खान सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान नाहन बाजार में रास्तों पर अतिक्रमण कर सामान सजाने वालों को एसडीएम ने दो टूक चेतावनी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि दोबारा सड़कों पर सामान फैलाया गया तो उसे जब्त कर नगर परिषद के हवाले कर दिया जाएगा। इस संबंध में उन्होंने नगर परिषद के अधिकारियों को कार्रवाई के मौके पर ही निर्देश दिए। सब्जी विक्रेताओं को किसी अन्य स्थान पर शिफ्ट करने और स्ट्रीट फूड विक्रेताओं के लिए शहर में एक निर्धारित स्थान चयनित करने को लेकर भी मौके पर विचार-विमर्श किया गया।
शहर में पार्किंग की समस्या को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम ने नए पार्किंग स्थलों की संभावनाएं तलाशने के निर्देश दिए और पहले से संचालित पार्किंग स्थलों का भी निरीक्षण किया। दिल्ली गेट से गोविंदगढ़ मोहल्ला की ओर जाते समय एमसी कांप्लेक्स के ठीक नीचे सड़क पर सामान फैलाकर कबाड़ की दुकानें चला रहे स्क्रैब कारोबारियों पर एसडीएम ने सख्ती दिखाई। सड़क पर अतिक्रमण पाए जाने पर उन्हें कड़ी फटकार लगाई गई और एक दिन के भीतर सामान हटाने की मोहलत दी। साथ ही नगर परिषद अधिकारियों को निर्देश दिए कि यदि सड़क पर फैलाया कबाड़ कल तक नहीं उठाया गया तो नप की गाड़ी लेकर सामान कब्जे में लिया जाए।
एसडीएम नाहन राजीव सांख्यान ने बताया कि नाहन शहर की व्यवस्थाओं को सुधारने के लिए ये अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि करीब 20 दिन पहले शहरवासियों से सुझाव मांगे गए थे, जिस पर प्रशासन को कई अहम सुझाव प्राप्त हुए हैं। इन्हीं सुझावों के आधार पर यह चिन्हित किया जा रहा है कि किन क्षेत्रों में सुधार की जरूरत है, कहां पार्किंग विकसित की जा सकती है और किन जगहों पर सफाई व्यवस्था को मजबूत करना होगा। निरीक्षण के बाद एक व्यापक योजना तैयार कर डीसी सिरमौर को सौंपी जाएगी और उसे अधिसूचित कर व्यवस्थित तरीके से लागू किया जाएगा।
बता दें कि आम लोगों और शहर से जुड़ी ऐसी तमाम समस्याओं को लेकर प्रशासन गंभीर नजर आ रहा है। नाहन में पार्किंग सबसे गंभीर समस्या है, जहां सड़कों पर खड़ी गाड़ियां यातायात को बाधित कर रही हैं। बाजार क्षेत्र पहले से ही तंग है, उस पर अतिक्रमण ने पैदल चलने वालों के लिए भी मुश्किलें खड़ी कर दी हैं। अव्यवस्थित रेहड़ी-फड़ी, सड़क पर फैला कबाड़, सफाई की अनदेखी और पार्किंग के अभाव ने शहर की रफ्तार थाम दी है। ऐसे में प्रशासन का यह ग्राउंड एक्शन और व्यापक प्लान ही तय करेगा कि नाहन वाकई चकाचक बनेगा या समस्याएं यूं ही बनी रहेंगी।


