HomeBreakingभारी बर्फबारी के बीच शव लेकर जोखिम भरा सफर, कदम टिका-टिकाकर आगे...

भारी बर्फबारी के बीच शव लेकर जोखिम भरा सफर, कदम टिका-टिकाकर आगे बढ़ रहा रेस्क्यू दल

नौहराधार : जिला सिरमौर की सबसे ऊंची चूड़धार चोटी पर शिव प्रतिमा के समीप गहरी खाई में मिले शव को लेकर रेस्क्यू दल घटनास्थल से दोपहर 3 बजे नौहराधार के लिए रवाना हुआ. जोखिम भरे इस सफर में ये रेस्क्यू दल अपने कदम टिका टिकाकर आगे बढ़ रहा है. इस दल को नौहराधार से चोटी पर पहुंचने में 6 से साढ़े 6 घंटे का वक्त लग गया.

दरअसल, भारी बर्फबारी के बीच जहां रेस्क्यू दल को चोटी की चढ़ाई चढ़ने में बड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ा तो वहीं शव को लेकर नौहराधार पहुंचने में उससे कहीं ज्यादा दुश्वारियां झेलनी पड़ रही हैं. बर्फबारी के बीच पैर टिका टिकाकर रेस्क्यू दल चूड़धार चोटी से नौहराधार के लिए चला. इससे पहले ये दल नौहराधार से सुबह 8 बजे चोटी के लिए रवाना हुआ था, जो दोपहर बाद करीब ढाई बजे घटनास्थल पर पहुंचा. इस दल की हिम्मत और धैर्य की भी दाद देनी होगी, जो भारी बर्फबारी और 2 से 3 डिग्री के तापमान के बीच चूड़धार पहुंचा, जहां 7 से 8 फीट तक बर्फ रास्तों में जमी है. इस समय चोटी के रास्ते पर हर कदम जोखिम भरा हो सकता है.

ये भी पढ़ें:  हिमाचल में IPS अधिकारियों के तबादले, इन चार जिलों के एसपी भी बदले, क्लिक पर पूरी डिटेल

अंदाजा लगाया जा सकता है कि जब भारी बर्फबारी के बीच दल को चूड़धार पहुंचने में इतना समय लगा तो शव लेकर पहुंचने में कितना अधिक वक्त लगेगा. उधर, प्रशासन की मानें तो शव को लेकर रेस्क्यू दल के रात 10 बजे के बाद नौहराधार पहुंचने की उम्मीद है.

नौहराधार पहुंचने के बाद ही शव की शिनाख्त हो पाएगी. शव की पहचान के लिए हरियाणा राज्य के पंचकूला निवासी अक्षय साहनी के परिजन मंगलवार सुबह ही नौहराधार पहुंच चुके थे. बता दें कि अक्षय साहनी महाशिवरात्रि के दौरान चोटी पर लापता हुआ था, जो अपने साथी के साथ यात्रा के लिए निकला था. हालांकि, उसके साथी को प्रशासन ने चूड़धार से रेस्क्यू कर लिया था, लेकिन अक्षय का कोई सुराग नहीं लगा. करीब 14 दिन बाद गत सोमवार को नौहराधार के युवकों के रेस्क्यू दल को शिव प्रतिमा के समीप नीचे गहरी खाई में एक अज्ञात शव बरामद हुआ.

ये भी पढ़ें:  जमटा स्कूल में नई SMC का गठन, अंकुश अध्यक्ष, ममता शर्मा को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी

इससे पहले एसडीआरएफ, माउंट एवरेस्ट एक्सपर्ट की रेस्क्यू टीमें भी चोटी पर लापता की तलाश कर चुकी थी, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी. इसके बाद नौहराधार के युवकों को गत सोमवार को चोटी के समीप एक शव की बरामदगी हुई, जिसकी अभी शिनाख्त नहीं हो पाई है. शव के नौहराधार पहुंचने पर प्रशासन उसके परिजनों से पहचान करवाएगा. शव की शिनाख्त न होने की सूरत में प्रशासन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य वैज्ञानिक पहलुओं को आधार बना सकता है.

फिलहाल, रेस्क्यू दल चूड़धार के समीप घटनास्थल से शव को लेकर 15 किलोमीटर नीचे नौहराधार पहुंचाने का प्रयास कर रहा है. यदि शव की पहचान होती है तो पुलिस बुधवार को पोस्टमार्टम करने के बाद शव परिजनों को सौंपेगी. यदि परिजन शव को नहीं पहचान पाए तो डीएनए सैंपल भी लिए जाएंगे.

ये भी पढ़ें:  कांग्रेस के राज में पढ़ाई नहीं, नारे जरूरी : शिक्षा व्यवस्था को लेकर ABVP ने साधा निशाना

उधर, एसडीएम संगडाह सुनील कायथ ने बताया कि चूड़धार चोटी पर मिले शव को मंगलवार रात तक नौहराधार पहुंचाया जाएगा. इसके बाद ही कुछ कहा जा सकता है.

Hitesh Sharma
Hitesh Sharmahttps://aapkibaatnews.com
हितेश शर्मा 'आपकी बात न्यूज़ नेटवर्क' के संस्थापक और मुख्य संपादक हैं। दो दशकों से भी अधिक लंबे अपने करिअर में, वे 'अमर उजाला' 'दैनिक भास्कर' दैनिक ट्रिब्यून, पंजाब केसरी और दिव्य हिमाचल जैसे प्रमुख प्रकाशनों में महत्वपूर्ण संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं। एक अनुभवी पत्रकार और पूर्व ब्यूरो प्रमुख के तौर पर, हितेश अपनी गहन ज़मीनी रिपोर्टिंग और नैतिक व प्रभावशाली पत्रकारिता के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित हैं। वे जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन रिपोर्टिंग करने में विशेषज्ञता रखते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हर कहानी को पूरी गहराई और ज़िम्मेदारी के साथ प्रस्तुत किया जाए।

Latest Articles

Explore More