नाहन : सिरमौर पुलिस ने दंगे के मामले में पहले से गिरफ्तार पांच आरोपियों के अलावा एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई पुलिस थाना सदर नाहन में 26 जनवरी 2026 को दर्ज केस में की गई है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने माननीय अदालत से उसका छह दिन का पुलिस हिरासत रिमांड प्राप्त किया है।

एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि दंगा फसाद और दहशत फैलाने के मामले में पहले ही पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था, जो पुलिस हिरासत रिमांड पर चल रहे हैं। जांच को गहनता से आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने रोहित कुमार (20) पुत्र राजिंद्र कुमार निवासी गांव जैदरी, तहसील व थाना छछरोली, जिला यमुनानगर, हरियाणा को भी गिरफ्तार किया है। मामले की कड़ियों को जोड़ते हुए यह गिरफ्तारी की गई है।
उन्होंने बताया कि जांच के दौरान आरोपियों की आपराधिक पृष्ठभूमि की भी जानकारी जुटाई गई, जिसमें सामने आया कि ये आरोपी पूर्व में भी दंगे और मारपीट के मामलों में संलिप्त रहे हैं। आरोपी रोहित कुमार के खिलाफ पुलिस थाना छछरोली में 23 फरवरी 2022 में भारतीय दंड संहिता की धाराओं में केस दर्ज है, जो वर्तमान में माननीय न्यायालय में विचाराधीन है।
इसी तरह आरोपी विशाल के विरुद्ध थाना छछरोली में 27 मई 2020 में विभिन्न धाराओं में केस दर्ज हुए थे, जिसमें उसे माननीय अदालत से सजा हो चुकी है। वहीं आरोपी आशिक के खिलाफ पुलिस थाना छछरोली में मामला संख्या 321/24 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराओं में केस दर्ज हैं, जो न्यायालय में विचाराधीन है।
उन्होंने स्पष्ट किया है कि सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है, ताकि भविष्य में हिमाचल प्रदेश में इस तरह की वारदातों को अंजाम न दिया जा सके और आपराधिक प्रवृत्ति के अन्य लोगों को भी इस कार्रवाई से सबक मिले।



