बीबीएन : हिमाचल प्रदेश के जिला सोलन के नालागढ़ में रामशहर रोड स्थित लकड़ी डिपो के पास एक व्यक्ति पर फायरिंग करने के मामले में बद्दी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को महज पांच घंटे के भीतर हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने आरोपी साहिल पुत्र राजेंद्र सिंह निवासी नालागढ़ को खरड़ से पकड़ा है। इस फायरिंग में मोहम्मद असलम उर्फ बल्लू निवासी वार्ड नंबर-7 नालागढ़ घायल हुआ था।
पुलिस के अनुसार, 10 नवंबर को हुई इस घटना के संबंध में शिकायतकर्ता जोगिंद्र सिंह निवासी गांव पन्नर की शिकायत पर पुलिस थाना नालागढ़ में मामला दर्ज किया गया था।
शिकायत में आरोप लगाया गया कि साहिल ने रामशहर रोड पर लकड़ी डिपो के पास मोहम्मद असलम उर्फ बल्लू पर गोलियां चलाईं और इसके बाद मोटरसाइकिल पर मौके से फरार हो गया। घायल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) नालागढ़ पहुंचाया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान ने घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमें गठित कीं। इसके बाद नालागढ़ पुलिस की टीम ने कार्रवाई करते हुए FIR दर्ज होने के पांच घंटे के भीतर आरोपी को खरड़ से हिरासत में ले लिया।
एसपी बद्दी विनोद धीमान ने बताया कि पुलिस अब आरोपी से फायरिंग में इस्तेमाल किए गए हथियार और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों को लेकर पूछताछ कर रही है। मामले में आगामी जांच जारी है।




