पांवटा साहिब : जिला सिरमौर के उपमंडल पांवटा साहिब में एसआईयू नाहन की टीम ने शिलाई के एक युवक को चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस में केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि एसआईयू नाहन की टीम पांवटा साहिब में गश्त पर थी। इसी दौरान टीम को गुप्त सूचना मिली कि शिलाई का नक्ष नाम का एक युवक क्षेत्र में चिट्टा/स्मैक बेचने का काम करता है और आज भी यमुना पुल कुल्हाल के पास राम मंदिर के गेट के सामने खड़ा है।
एसपी ने बताया कि सूचना पुख्ता थी। लिहाजा, पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर संदिग्ध की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 11.54 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुई। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी उतरी का रहने वाला बताया गया है।
उन्होंने बताया कि पुलिस थाना पांवटा साहिब में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में आगामी अन्वेषण कर रही है।
