HomeHimachalनालागढ़ में नए साल की सुबह जोरदार धमाका, भवनों के शीशे टूटे,...

नालागढ़ में नए साल की सुबह जोरदार धमाका, भवनों के शीशे टूटे, मची अफरा-तफरी, इलाका सील

नालागढ़ पुलिस थाने के समीप स्थित एक गली में बुधवार सुबह अचानक जोरदार धमाका हुआ, जिससे पूरा इलाका दहल उठा और लोगों में दहशत फैल गई। विस्फोट की आवाज सुनते ही आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

नालागढ़ : हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के नालागढ़ में नए साल के पहले ही दिन एक बड़ी और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। नालागढ़ पुलिस थाने के समीप एक गली में बुधवार सुबह अचानक जोरदार धमाका हुआ, जिससे पूरा इलाका दहल उठा और लोगों में दहशत फैल गई। विस्फोट की आवाज सुनते ही आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

धमाके की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि घटनास्थल के नजदीक मौजूद इमारतों के शीशे चकनाचूर हो गए। स्थानीय लोगों और वहां रह रहे प्रवासी मजदूरों के अनुसार धमाके की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि विस्फोट के साथ ही पूरा इलाका कांप उठा और कुछ पल के लिए कुछ भी साफ दिखाई नहीं दिया। आसपास की चाय की दुकानों पर बैठे लोग भी तेज धमाके से सहम गए।

ये भी पढ़ें:  डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री 10 दिसंबर को पहुंचेंगे मंडी, अधिकारियों के साथ करेंगे बैठक

घटना की सूचना मिलते ही नालागढ़ पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को सील कर दिया। सुरक्षा के मद्देनजर दोनों ओर से बैरिकेडिंग लगाकर जांच शुरू की गई। एसपी बद्दी विनोद धीमान पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए शिमला से फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है, जो साक्ष्य एकत्र कर रही है। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की गहन जांच कर रही है, लेकिन अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि धमाका किस वजह से हुआ और इसमें किस वस्तु का इस्तेमाल किया गया। पुलिस प्रशासन की ओर से घटना के कारणों को लेकर अब तक कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है।

ये भी पढ़ें:  सिरमौर के शीलाबाग में सड़क धंसने से खड्ड में गिरा सेब से लदा ट्रक
Hitesh Sharma
Hitesh Sharmahttps://aapkibaatnews.com
हितेश शर्मा 'आपकी बात न्यूज़ नेटवर्क' के संस्थापक और मुख्य संपादक हैं। दो दशकों से भी अधिक लंबे अपने करिअर में, वे 'अमर उजाला' 'दैनिक भास्कर' दैनिक ट्रिब्यून, पंजाब केसरी और दिव्य हिमाचल जैसे प्रमुख प्रकाशनों में महत्वपूर्ण संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं। एक अनुभवी पत्रकार और पूर्व ब्यूरो प्रमुख के तौर पर, हितेश अपनी गहन ज़मीनी रिपोर्टिंग और नैतिक व प्रभावशाली पत्रकारिता के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित हैं। वे जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन रिपोर्टिंग करने में विशेषज्ञता रखते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हर कहानी को पूरी गहराई और ज़िम्मेदारी के साथ प्रस्तुत किया जाए।

Latest Articles

Explore More