होमHimachalBilaspurकोल बांध विस्थापितों के लंबित मामलों पर सख्त हुए परुथी, प्लॉट आवंटन...

कोल बांध विस्थापितों के लंबित मामलों पर सख्त हुए परुथी, प्लॉट आवंटन और मूलभूत सुविधाएं जल्द पूरी करने के निर्देश

राज्य स्तरीय कोल बांध विस्थापित एवं पुनर्वास सलाहकार समिति की समीक्षा बैठक गुरुवार को उपायुक्त कार्यालय बिलासपुर के बचत भवन में मंडलायुक्त मंडी आर. के. परुथी की अध्यक्षता में आयोजित हुई।

बिलासपुर : राज्य स्तरीय कोल बांध विस्थापित एवं पुनर्वास सलाहकार समिति की समीक्षा बैठक गुरुवार को उपायुक्त कार्यालय बिलासपुर के बचत भवन में मंडलायुक्त मंडी आर. के. परुथी की अध्यक्षता में आयोजित हुई।

बैठक में जिला बिलासपुर के कोल बांध प्रभावित एवं पुनर्वास क्षेत्रों से जुड़े विभिन्न लंबित मामलों और समस्याओं पर विस्तृत चर्चा करते हुए उनके शीघ्र समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

मंडलायुक्त आर. के. परुथी ने कहा कि प्रदेश सरकार में राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी के निर्देशानुसार बिलासपुर में राज्य स्तरीय कोल बांध विस्थापित एवं पुनर्वास सलाहकार समिति की यह दूसरी बैठक आयोजित की गई है, ताकि प्रभावित परिवारों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र बचे हुए परिवारों को प्लॉट आवंटन की प्रक्रिया में तेजी लाते हुए इसे जल्द पूरा किया जाए।

ये भी पढ़ें:  हमीरपुर में बारिश ने मचाई तबाही, 24 घंटे में 23.12 करोड़ का नुकसान; मानसून में आंकड़ा 52.34 करोड़ पार

उन्होंने जल शक्ति विभाग और लोक निर्माण विभाग को पुनर्वास क्षेत्रों में पेयजल, सड़क तथा सीवरेज से संबंधित सभी लंबित कार्य प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। डीपीएफ जमथल में बसाए गए परिवारों द्वारा स्थाई पता संबंधित पुरानी मांग उठाई गई समस्याओं पर मंडलायुक्त ने तहसीलदार सदर और खंड विकास अधिकारी सदर को एक सप्ताह के भीतर समस्या का समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में एनटीपीसी के माध्यम से प्रभावित परिवारों को उपलब्ध करवाए गए रोजगार की भी समीक्षा की गई। एनटीपीसी अधिकारियों ने बताया कि अब तक प्रभावित क्षेत्रों के 440 लोगों को रोजगार उपलब्ध कराया जा चुका है। इस पर मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि भविष्य में रोजगार उपलब्ध करवाते समय उन परिवारों को प्राथमिकता दी जाए, जिनके किसी भी सदस्य को अभी तक रोजगार नहीं मिला है।

ये भी पढ़ें:  हिमाचल के मेडिकल कॉलेजों को मिली 259 सहायक स्टाफ नर्सें, जारी हुए नियुक्ति पत्र

बैठक के दौरान हरनोडा क्षेत्र में खेल मैदान की उपलब्धता का मुद्दा भी उठाया गया। एनटीपीसी अधिकारियों ने बताया कि परियोजना क्षेत्र में तीन से चार बड़े खेल मैदान पहले से विकसित किए गए हैं तथा हरनोडा में भी खेल मैदान उपलब्ध है। इस पर उपायुक्त राहुल कुमार ने खंड विकास अधिकारी सदर को हरनोडा के मौजूदा खेल मैदान का विकास करने तथा आवश्यकता होने पर अन्य उपयुक्त स्थान चिन्हित कर नया खेल मैदान विकसित करने के निर्देश दिए।

हरनोडा क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था पर भी विस्तार से चर्चा हुई। मंडलायुक्त ने एनटीपीसी अधिकारियों को क्षेत्र में सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने के निर्देश दिए, ताकि स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
बैठक में प्रभावित क्षेत्रों की कृषि भूमि तक सिंचाई का पानी पहुंचाने के विषय पर भी विस्तृत चर्चा की गई।

ये भी पढ़ें:  नौकरी चाहिए तो 4 नवंबर को पहुंचे यहां, कंप्यूटर ऑपरेटर और सिक्योरिटी गार्ड पदों के लिए होंगे कैंपस इंटरव्यू

जल शक्ति विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रस्तावित 59 हेक्टेयर क्षेत्र में से लगभग 42 हेक्टेयर भूमि पर सिंचाई व्यवस्था का परीक्षण सफलतापूर्वक किया जा चुका है तथा शीघ्र ही इस पूरे क्षेत्र में सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध करा दिया जाएगा। बैठक में उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार, एनटीपीसी के अधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा समिति के सरकारी एवं गैर-सरकारी सदस्य उपस्थित रहे।

Aapki Baat News Desk
Aapki Baat News Deskhttps://aapkibaatnews.com
आपकी बात न्यूज डेस्क देश, प्रदेश और स्थानीय स्तर की हर महत्वपूर्ण खबर को तेज, विश्वसनीय और तथ्यात्मक तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है। राजनीति, समाज, प्रशासन, शिक्षा, अपराध, मनोरंजन और जनसरोकार से जुड़े हर मुद्दे पर सटीक जानकारी और प्रभावशाली प्रस्तुति हमारी प्राथमिकता है, ताकि पाठकों को हर बड़ी अपडेट एक ही मंच पर मिल सके।

Latest Articles

Explore More