बीबीएन : बद्दी पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में एक व्यक्ति के घर से अवैध पिस्टल, मैगजीन और जिंदा कारतूस बरामद कर उसे गिरफ्तार किया है। आरोपी हथियार से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
बद्दी पुलिस को एक शिकायत की जांच के दौरान गुप्त सूचना मिली थी। इसके आधार पर पुलिस थाना नालागढ़ और थाना मानपुरा की संयुक्त टीम ने ग्राम कसम्बोवाल ढाणा में दबिश दी। पुलिस ने आरोपी हर्ष धीमान के घर की नियमानुसार तलाशी ली।
तलाशी के दौरान उसके निजी कमरे में एक डिब्बे में छिपाकर रखी गई 7.65 एमएम की पिस्टल, उसकी मैगजीन और 7 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पूछताछ के दौरान आरोपी हथियार और कारतूसों के संबंध में कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज नहीं दिखा सका।
एसपी बद्दी विनोद धीमान ने बताया कि इस मामले में पुलिस थाना मानपुरा में आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
उन्होंने कहा है कि अवैध हथियार रखने या किसी भी आपराधिक गतिविधि में संलिप्त लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
6.58 ग्राम चिट्टा के साथ आरोपी गिरफ्तार
बद्दी पुलिस के स्पेशल सेल-एक्स की टीम ने नालागढ़ क्षेत्र के सोवन माजरा में दबिश देकर एक आरोपी को 6.58 ग्राम हेरोइन/चिट्टा सहित गिरफ्तार किया है।
पुलिस टीम ने वर्मा कॉलोनी, सोवन माजरा में एक i20 कार में बैठे आरोपी को काबू किया। तलाशी के दौरान कार से 6.58 ग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद किया गया।
आरोपी की पहचान राहुल भारद्वाज निवासी गांव कश्मीरपुर, डाकघर बरूणा, तहसील नालागढ़, जिला सोलन के रूप में हुई है। इस संबंध में पुलिस थाना नालागढ़ में NDPS Act की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले में आगामी अन्वेषण जारी है।
