दिल्ली में केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात कर सीएम ने की हिमाचल के हितों की पैरवी

0

शिमला/नई दिल्ली : मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने गत सायं नई दिल्ली में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से भेंट की। उन्होंने राज्य से संबंधित विभिन्न बजटीय और वित्तीय मामलों से केंद्र सरकार को अवगत करवाया।

मुख्यमंत्री ने तुर्की से आयातित सेब के मामले पर भी विचार-विमर्श किया। उन्होंने हिमाचल प्रदेश सहित देश के सेब उत्पादकों के हितों की रक्षा के लिए सेब पर आयात शुल्क में एक सर्वव्यापी वृद्धि के लिए भी आग्रह किया।

मुख्यमंत्री ने वित्त मंत्री से हिमाचल और अन्य विशेष श्रेणी राज्यों की उधार सीमा को कम से कम दो प्रतिशत बढ़ाने का अनुरोध किया। उन्होंने राज्य में राजकोषीय प्रबंधन में सुधार के लिए राज्य सरकार द्वारा की गई विभिन्न पहलों और कई वित्तीय बाधाओं के बावजूद वित्तीय संसाधनों को बढ़ाने के लिए उठाए गए कदमों के बारे में भी जानकारी दी।

इससे पहले सीएम ने केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से भेंट कर हिमाचल प्रदेश लंबित विभिन्न पर्यटन परियोजनाओं और मंत्रालय से धनराशि की स्वीकृति के संबंध में विस्तृत चर्चा की।

उन्होंने केंद्रीय मंत्री को अवगत करवाया कि प्रदेश सरकार युवा साहसिक पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए जल पर्यटन को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से स्वदेश दर्शन योजना के अंतर्गत भेेजी गई परियोजनाओं को स्वीकृति देने और एसएएससीआई (राज्य के लिए पूंजी निवेश की विशेष योजना) के अंतर्गत प्रस्तावित परियोजनाओं को भी मंजूरी देने की मांग की, जिससे राज्य में प्रसिद्ध पर्यटक स्थलों का विकास किया जा सके।

सुक्खू ने हिमाचल प्रदेश में पर्यटन क्षेत्र को सशक्त बनाने के लिए निवेश की संभावनाएं तलाशने का भी आग्रह किया। वहीं, केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा से भेंट से भेंट कर हिमाचल प्रदेश में स्वास्थ्य क्षेत्र को सुदृढ़ बनाने के लिए आवश्यक सहायता के बारे में अवगत करवाया।

बैठक के दौरान आयुष्मान भारत, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के क्रियान्वयन और प्रगति व स्वास्थ्य अधोसंरचना के निर्माण पर विस्तृत चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने कैंसर केयर सेंटर के लिए केंद्र से सहयोग तथा राज्य में मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध करवाने के लिए अस्पतालों में नवीनतम चिकित्सा तकनीक और आधुनिक उपकरणों के लिए आग्रह किया।

जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के हितों की रक्षा की जाएगी। उन्होंने राज्य को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।