नाहन : सिरमौर पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चिट्टा (हेरोइन) के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके बाद दोनों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। मामले में पुलिस आगामी कार्रवाई में जुटी है।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि डिटेक्शन सेल नाहन की टीम गश्त पर मौजूद थी। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि कालाअंब की ओर से नाहन आ रही बलेनो कार में दो युवक चिट्टे की खेप लेकर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत नाकेबंदी कर वाहन को रोक लिया।
तलाशी के दौरान कार चालक रमन लाल (32), निवासी सुरला, तहसील नाहन और उसके साथ बैठे विलक्षण सिंह (23), निवासी यशवंत विहार कॉलोनी, नाहन, जिला सिरमौर के कब्जे से 11.85 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया गया।
इसके बाद दोनों युवकों के खिलाफ पुलिस थाना नाहन में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। एसपी ने बताया कि 4 जुलाई को दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
