बीबीएन : बद्दी के काठा स्थित एक फार्मास्यूटिकल उद्योग में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग उद्योग के आई ड्रॉप सेक्शन में लगी, जहां काम कर रहे दो कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गए। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर किया गया।
शुक्रवार शाम करीब चार से पांच बजे के बीच जब उद्योग में दवाओं का उत्पादन चल रहा था, तभी सबसे ऊपरी मंजिल में अचानक आग लग गई। आग के साथ पूरे परिसर में धुआं फैल गया, जिसके बाद कर्मचारियों को तुरंत सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस बीच फैक्ट्री में मौजूद दो कर्मचारी आग की चपेट में आकर झुलस गए।
घायलों की पहचान अभिषेक (38) निवासी गांव लोहारड़ा, जिला हमीरपुर और सुमित (47) निवासी गांव कलेरा, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। दोनों को पहले ईएसआई अस्पताल काठा ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल सेक्टर-32, चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया।
उद्योग के आसपास अन्य औद्योगिक इकाइयां होने के कारण प्रशासन और दमकल विभाग ने पूरी सतर्कता के साथ राहत एवं बचाव अभियान चलाया। पुलिस थाना बद्दी में उद्योग के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
