HomeHimachal'सिलेंडर है… पर नहीं मिलेगा!' गांवों में 45 दिन का नियम बना...

‘सिलेंडर है… पर नहीं मिलेगा!’ गांवों में 45 दिन का नियम बना बड़ी मुसीबत, स्टॉक होते हुए भी जूझ रहे लोग

नाहन के समीप जमटा कस्बा इसका ताजा उदाहरण है, जहां 10 फरवरी को आखिरी बार गैस सप्लाई हुई थी और इसके बाद अब तक सिलेंडर नहीं पहुंचा। ग्रामीणों का कहना है कि आज के समय में गांवों की बड़ी आबादी एलपीजी पर निर्भर है, ऐसे में 45 दिन का नियम व्यवहारिक नहीं है।

नाहन : सिरमौर के ग्रामीण क्षेत्रों में रसोई गैस को लेकर अजीब स्थिति पैदा हो गई है। ताजा हालात ये हैं कि गैस एजेंसियों में सिलेंडर का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है, लेकिन 45 दिन के नियम के चलते उपभोक्ताओं को समय पर गैस नहीं मिल पा रही। यही वजह है कि अब गांवों में भी गैस को लेकर संकट जैसे हालात बनने लगे हैं और लोग परेशान हो रहे हैं।

दरअसल, मिडल ईस्ट युद्ध के बीच भारत सरकार के नियम के अनुसार ग्रामीण क्षेत्रों में एक बार सिलेंडर की डिलीवरी के बाद अगली बुकिंग 45 दिनों से पहले नहीं की जा रही, जबकि शहरी क्षेत्रों में यह अंतर सिर्फ 25 दिन का है। कालाबाजारी और पैनिक बुकिंग रोकने के उद्देश्य से बनाए गए इस नियम का उल्टा असर अब सामने आ रहा है, जहां जरूरतमंद उपभोक्ताओं को ही गैस से वंचित होना पड़ रहा है।

ये भी पढ़ें:  सिरमौर में 1000 पर 923 महिलाएं, CMO ने बैठक में दिए सख्त निगरानी के निर्देश

जिला सिरमौर में कुल करीब 1.62 लाख घरेलू गैस कनेक्शन हैं और 16 सरकारी व निजी एजेंसियां उपभोक्ताओं को सप्लाई देती हैं। इसके बावजूद ग्रामीण इलाकों में लोगों को गैस के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। खासकर वे गांव, जो अब कस्बों का रूप ले चुके हैं और जहां बड़ी संख्या में नौकरीपेशा लोग रहते हैं, वहां स्थिति और ज्यादा गंभीर बन गई है। नाहन के समीप जमटा कस्बा इसका ताजा उदाहरण है, जहां 10 फरवरी को आखिरी बार गैस सप्लाई हुई थी और इसके बाद अब तक सिलेंडर नहीं पहुंचा। ग्रामीणों का कहना है कि आज के समय में गांवों की बड़ी आबादी एलपीजी पर निर्भर है, ऐसे में 45 दिन का नियम व्यवहारिक नहीं है।

उल्लेखनीय है कि स्वच्छ ईंधन और धुएं से मुक्ति के नाम पर पहले भारत सरकार ने वर्षों तक गांव-गांव अभियान चलाया। यही नहीं महिलाओं को मुफ्त सिलेंडर भी बांटे। अब जब कई गांव एलपीजी पर निर्भर हो गए तो मिडल ईस्ट के घमासान के बीच सरकार ने ग्रामीणों के लिए ये नियम बनाकर नई दुविधा खड़ी कर दी है। वहीं अधिकारी भी इस नियम के आगे लाचार नजर आ रहे हैं।

ये भी पढ़ें:  हिमाचल में 4.33 लाख राजस्व मामलों का समाधान, लोक अदालतें बनीं वरदान

यह मामला सिर्फ एक जिले की आपूर्ति समस्या नहीं, बल्कि उस नीतिगत असंतुलन को उजागर करता है, जिसमें सरकार ने ग्रामीण परिवारों को पारंपरिक चूल्हों से तो बाहर निकाल दिया, लेकिन उन्हें आधुनिक ईंधन व्यवस्था में समान और व्यावहारिक पहुंच नहीं दे सकी। मौजूदा समय में बड़ी संख्या में गांव आज अर्ध-शहरी स्वरूप ले चुके हैं, जहां नौकरीपेशा परिवार, छात्र, बुजुर्ग और एलपीजी पर पूरी तरह निर्भर गृहस्थियां रहती हैं। यानी नीति अब भी पुराने गांव को देख रही है, जबकि गांव की वास्तविकता बदल चुकी है।

उधर, लोगों ने प्रशासन, सरकार और तेल कंपनियों से मांग की है कि कम से कम उपभोक्ताओं के बुकिंग ट्रैक रिकॉर्ड के आधार पर राहत दी जाए। यदि पूरी तरह छूट संभव नहीं है, तो कम से कम आंशिक तौर पर सप्लाई सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके। उधर, डीएफएससी सिरमौर शमशेर सिंह ने माना कि इस तरह की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। उन्होंने बताया कि जमटा जैसे गांवों में 45 दिन से पहले सप्लाई देने के लिए उच्चाधिकारियों को लिखा गया है। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि गैस की कोई कमी नहीं है और एजेंसियों में पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। विभाग इस समस्या को गंभीरता से देख रहा है।

ये भी पढ़ें:  नौहराधार में हिमाचल ग्रामीण भविष्य निधि सोसायटी की ब्रांच में चोरी, 50 हजार की नकदी पर हाथ साफ
Hitesh Sharma
Hitesh Sharmahttps://aapkibaatnews.com
हितेश शर्मा 'आपकी बात न्यूज़ नेटवर्क' के संस्थापक और मुख्य संपादक हैं। दो दशकों से भी अधिक लंबे अपने करिअर में, वे 'अमर उजाला' 'दैनिक भास्कर' दैनिक ट्रिब्यून, पंजाब केसरी और दिव्य हिमाचल जैसे प्रमुख प्रकाशनों में महत्वपूर्ण संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं। एक अनुभवी पत्रकार और पूर्व ब्यूरो प्रमुख के तौर पर, हितेश अपनी गहन ज़मीनी रिपोर्टिंग और नैतिक व प्रभावशाली पत्रकारिता के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित हैं। वे जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन रिपोर्टिंग करने में विशेषज्ञता रखते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हर कहानी को पूरी गहराई और ज़िम्मेदारी के साथ प्रस्तुत किया जाए।

Latest Articles

Explore More