श्री रेणुकाजी : जिला सिरमौर में श्री रेणुकाजी झील में लापता हुए ददाहू के युवक का शव बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार ददाहू निवासी सुमित पुत्र मुंशी राम गुरुवार को झील में नहाते समय लापता हो गया था। वह अपने साथियों के साथ झील में स्नान के लिए निकला था। इस बीच वह अचानक झील में डूब गया। स्नानघाट की सीढ़ियों पर युवक के कपड़े-जूते और मोबाइल बरामद हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने झील में लापता युवक की तलाशी के लिए सेना के गोताखोरों की मदद ली।
सेना के गोताखोरों और बचाव दल द्वारा लगातार सर्च अभियान चलाया गया। शनिवार सुबह युवक का शव बरामद हुआ। शव बरामदगी के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
उधर, प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को फौरी राहत के रूप में 25 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई है।
