नाहन : श्री सत्य साईं बाबा की शताब्दी जयंती के उपलक्ष में निकाली जा रही श्री सत्य साईं प्रेम प्रवाहिनी-एक दिव्य रथ यात्रा उत्तरी भारत में सबसे पहले देवभूमि हिमाचल प्रदेश में पहुंचेगी। ये रथ यात्रा 1 मई को जिला सिरमौर से प्रदेश में प्रवेश करेगी।
यह जानकारी श्री सत्य साई सेवा संगठन के जिलाध्यक्ष प्रो. अमर सिंह चौहान ने पत्रकार वार्ता में देते हुए बताया कि इस यात्रा का प्राथमिक उद्देश्य देश के हर कोने में दिव्य प्रेम और एकता के संदेश को स्पष्ट रूप से पहुंचाना है।
यह यात्रा श्री सत्य साई सेवा संगठन की ओर से पूरे भारत में आयोजित की जा रही है। पांच दिव्य रथ प्रशांति निलयम (पुट्टपर्ती, आंध्र प्रदेश) से 24 अप्रैल 2025 को पांच दिशाओं में चलाए गए हैं। उत्तरी भारत में आने वाला रथ सबसे पहले प्रदेश में जिला सिरमौर से प्रवेश करेगा। उन्होंने बताया कि हिमाचल में यह रथ तीन चरणों में अपनी उपस्थिति देगा।
27 सितंबर 2026 का दिन इस यात्रा का यादगार पलों का गवाह होगा, जब 100 से अधिक स्थानीय देवताओं की उपस्थिति में मंडी में यह रथ यात्रा आध्यात्मिकता का एक नया अध्याय रचेगी।
प्रो. अमर ने बताया कि श्री सत्य साईं प्रेम प्रवाहिनी की यह पहल जाति, रंग, पंथ, धर्म या सामाजिक-आर्थिक स्थिति के भेदभाव से मुक्त हर व्यक्ति को भगवान के प्रेम की अमृतधारा से प्रेरित करने के लिए है।
उन्होंने बताया कि रथ यात्रा में वेद मंत्रोच्चारण, भजन, बाल विकास कार्यक्रम जैसी गतिविधियां शामिल होंगी। श्री सत्य साई प्रदर्शनी, सांस्कृतिक उत्सव, मुफ्त चिकित्सा सेवाएं, आपदा प्रबंधन संबंधी जानकारी जैसी गतिविधियां भी इस दिव्य यात्रा का हिस्सा होंगी।