Home Himachal ओलों का कहर! सिरमौर की ‘पीच वैली’ में आड़ू-पलम की फ्लावरिंग तबाह,...

ओलों का कहर! सिरमौर की ‘पीच वैली’ में आड़ू-पलम की फ्लावरिंग तबाह, बारिश बर्फबारी से हिमाचल में फिर लौटी ठंड

रविवार को प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम ने अचानक करवट ली। रोहतांग दर्रा सहित चार प्रमुख दर्रों में हल्की बर्फबारी हुई है। शिंकुला, बारालाचा और कुंजम दर्रों में बर्फ के फाहे गिरने से कड़ाके की ठंड लौट आई है।

0

शिमला : हिमाचल प्रदेश में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम ने करवट ली है। ऊंचे इलाकों में बर्फबारी और कई स्थानों पर ओलावृष्टि व बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। राजधानी शिमला में ओलावृष्टि के साथ बारिश हुई, जबकि रोहतांग सहित कई दर्रों में ताजा बर्फबारी दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार 21 मार्च तक प्रदेश में मौसम का मिजाज बिगड़ा रह सकता है, जिससे ऊंचे क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले इलाकों में ओलावृष्टि व बारिश की संभावना बनी हुई है।

रविवार को प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम ने अचानक करवट ली। रोहतांग दर्रा सहित चार प्रमुख दर्रों में हल्की बर्फबारी हुई है। शिंकुला, बारालाचा और कुंजम दर्रों में बर्फ के फाहे गिरने से कड़ाके की ठंड लौट आई है। लाहौल-स्पीति, किन्नौर, कुल्लू और चंबा की ऊंची चोटियों पर भी रुक-रुक कर बर्फबारी का सिलसिला जारी रहा। अटल टनल रोहतांग में भी बर्फबारी दर्ज की गई, जिससे टनल के आगे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई है।

ये भी पढ़ें:  सिक्कों से तोलकर विनय का सम्मान, नई पंचायत बनने पर अभिनंदन समारोह में ग्रामीणों ने जताया विधायक का आभार VIDEO

इधर, जिला सिरमौर के ऊपरी क्षेत्रों में ओलावृष्टि किसानों और बागवानों के लिए भारी नुकसान लेकर आई है। एशिया की प्रसिद्ध पीच वैली के रूप में पहचान रखने वाले राजगढ़ उपमंडल के हाब्बन और पझौता वैली में रविवार दोपहर बाद हुई तेज ओलावृष्टि ने बागवानी को बड़ा झटका दिया है। यहां आड़ू, पलम, खुमानी और सेब के पौधों पर चल रही फ्लावरिंग को भारी नुकसान पहुंचा है।

बताया जा रहा है कि ओलावृष्टि के कारण पौधों पर आए फूल झड़ गए हैं, जिससे इस सीजन की फसल पर असर पड़ने की आशंका बढ़ गई है। दोपहर बाद हाब्बन और पझौता वैली क्षेत्र में हुई ओलावृष्टि से आड़ू, पलम, खुमानी और सेब के पौधों पर हो रही फ्लावरिंग को भारी नुकसान हुआ है।

ये भी पढ़ें:  सामाजिक सुरक्षा पेंशन के लिए ई-केवाईसी की अंतिम तिथि 15 नवंबर तक बढ़ी

हालांकि, जिला के कुछेक स्थानों पर केवल हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई। अधिकांश स्थानों पर किसान बारिश के लिए तरसते दिखे। सुबह से ही जिला सिरमौर में बादल छाए रहे और दिनभर सूरज कम ही दिखाई दिया। दोपहर बाद ओलावृष्टि के कारण तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई और ठंड बढ़ गई। मौसम विभाग ने अगले 4 से 5 दिनों तक तेज हवाएं चलने, ओलावृष्टि और कुछ स्थानों पर हल्की से तेज बारिश होने की संभावना जताई है।

ये भी पढ़ें:  हरियाणा में हादसे का शिकार हुई हिमाचल की कार, शिलाई और चंबा के 3 युवकों की दर्दनाक मौत, 2 गंभीर