हमीरपुर : मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में एक बेहद संवेदनशील और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां प्रसव के चंद घंटों बाद ही एक दंपति अपनी नवजात बच्ची को अस्पताल में छोड़कर फरार हो गया। इस घटना ने मानवता और समाज में बेटियों को लेकर सोच पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार नेपाल मूल की महिला को गत सोमवार को प्रसव के लिए मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों की देखरेख में सुरक्षित प्रसव हुआ और महिला ने एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया, लेकिन प्रसव के बाद दंपति किसी को सूचना दिए बिना अस्पताल से गायब हो गया और नवजात को वार्ड में ही छोड़ गया।
अस्पताल प्रशासन को जब परिजनों के लापता होने की जानकारी मिली तो तुरंत पुलिस को सूचित किया गया। प्रारंभिक जांच में यह बात भी सामने आई है कि दंपति बच्ची के जन्म से असंतुष्ट था। बताया जा रहा है कि अस्पताल परिसर में ही उन्होंने कुछ लोगों से बच्ची को 10 से 15 हजार रुपये में देने की बात भी की थी, लेकिन किसी ने हामी नहीं भरी। इसके बाद पहले महिला और फिर उसका पति वहां से फरार हो गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल प्रबंधन ने अपने स्तर पर भी जांच शुरू कर दी है। अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिससे दंपति की पहचान और उनकी गतिविधियों का पता लगाया जा सके। प्रसव से पूर्व लिए गए आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज भी पुलिस को सौंप दिए गए हैं, जिनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
फिलहाल नवजात बच्ची को अस्पताल की निगरानी में रखा गया है और चिकित्सकीय टीम उसकी पूरी देखभाल कर रही है। डॉक्टरों के अनुसार बच्ची पूरी तरह स्वस्थ है। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. देशराज शर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि एक दंपति अपनी नवजात बच्ची को छोड़कर भाग गया है। मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है और कॉलेज प्रबंधन अपने स्तर पर जांच कर रहा है।



