HomeHimachalहिमाचल में आतंकवाद के खिलाफ शपथ, अधिकारी-कर्मियों ने लिया शांति और राष्ट्रीय...

हिमाचल में आतंकवाद के खिलाफ शपथ, अधिकारी-कर्मियों ने लिया शांति और राष्ट्रीय एकता मजबूत करने का संकल्प

आतंकवाद विरोधी दिवस के अवसर पर हिमाचल प्रदेश के सभी जिलों में शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां अधिकारियों और कर्मचारियों ने आतंकवाद एवं हिंसा के खिलाफ डटकर मुकाबला करने और समाज में शांति, सद्भाव एवं मानव मूल्यों की रक्षा का संकल्प लिया।

हिमाचल : आतंकवाद विरोधी दिवस के अवसर पर हिमाचल प्रदेश के सभी जिलों में शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां अधिकारियों और कर्मचारियों ने आतंकवाद एवं हिंसा के खिलाफ डटकर मुकाबला करने और समाज में शांति, सद्भाव एवं मानव मूल्यों की रक्षा का संकल्प लिया।

नाहन में उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने उपायुक्त कार्यालय सभागार में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी एल.आर. वर्मा सहित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अहिंसा और सहनशीलता की शपथ दिलाई। इस दौरान सभी ने आतंकवाद और हिंसा का विरोध करने, सभी वर्गों में शांति एवं सामाजिक सद्भाव बनाए रखने और मानव जीवन मूल्यों को खतरा पहुंचाने वाली विघटनकारी शक्तियों से लड़ने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के दौरान पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर उनके योगदान और देश की एकता एवं अखंडता के लिए दिए गए बलिदान को भी याद किया गया।

वहीं, बिलासपुर में बचत भवन में आयोजित कार्यक्रम में उपायुक्त राहुल कुमार ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आतंकवाद एवं हिंसा के विरुद्ध शपथ दिलाई। उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने देश की अहिंसा एवं सहनशीलता की परंपरा में विश्वास व्यक्त करते हुए समाज में शांति, सामाजिक सद्भाव और मानव मूल्यों की रक्षा करने का संकल्प लिया।

उपायुक्त राहुल कुमार ने कहा कि आतंकवाद मानवता के लिए गंभीर खतरा है और इसके विरुद्ध सभी नागरिकों को एकजुट होकर कार्य करने की आवश्यकता है। उन्होंने समाज में भाईचारे, सौहार्द एवं राष्ट्रीय एकता को मजबूत बनाने पर जोर देते हुए लोगों से विघटनकारी शक्तियों के खिलाफ सजग रहने का आह्वान किया।

इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त ओम कांत ठाकुर, एसडीएम सदर डॉ. राजदीप सिंह, सहायक आयुक्त राज कुमार सहित विभिन्न अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें:  श्री नैना देवी विस क्षेत्र के लिए 127 करोड़ रुपये की 13 विकास परियोजनाएं समर्पित

उपायुक्त शिमला में दिलाई आतंकवाद विरोधी शपथ
जिला प्रशासन शिमला द्वारा एंटी टेररिज्म डे के अवसर पर आज उपायुक्त कार्यालय परिसर में आतंकवाद विरोधी शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आतंकवाद और हिंसा के विरुद्ध एकजुट होकर कार्य करने की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी के शहीदी दिवस को एंटी टेररिज्म डे के रूप में मनाया जाता है। उपायुक्त ने सभी को संबोधित करते हुए कहा कि आतंकवाद मानवता के लिए सबसे बड़ा खतरा है और इससे निपटने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को जागरूक और सतर्क रहने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि देश की एकता, अखंडता और शांति बनाए रखने के लिए सामूहिक प्रयास बेहद जरूरी हैं।

उन्होंने कहा कि एंटी टेररिज्म डे मनाने का उद्देश्य लोगों में शांति, सद्भाव और भाईचारे की भावना को मजबूत करना है, ताकि समाज में हिंसा और कट्टरता के लिए कोई स्थान न रहे। उन्होंने युवाओं से भी राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक भूमिका निभाने और सामाजिक समरसता बनाए रखने का आह्वान किया।

इस दौरान उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने राष्ट्र की एकता और सुरक्षा के लिए हर प्रकार के आतंकवाद एवं हिंसा का विरोध करने तथा शांति और सद्भाव बनाए रखने की प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रहित और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के संकल्प के साथ हुआ।

ये भी पढ़ें:  पर्यटकों को हिमालय से जोड़ने की पहल: सीएम सुक्खू ने लॉन्च किया ‘दैट्स यू’ पर्यटन अभियान

मंडी और हमीरपुर में भी ली शपथ
आतंकवाद विरोधी दिवस के अवसर पर उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने उपायुक्त कार्यालय में अधिकारियों और कर्मचारियों को आतंकवाद एवं हिंसा के विरुद्ध शपथ दिलाई।

इस अवसर पर उपायुक्त ने सभी को शपथ दिलाई कि वे देश की अहिंसा एवं सहनशीलता की परम्परा में दृढ़ विश्वास रखते हुए सभी प्रकार के आतंकवाद और हिंसा का डटकर विरोध करेंगे। साथ ही मानव जाति के सभी वर्गों के बीच शांति, सामाजिक सदभाव और सुझबूझ बनाए रखने तथा मानव जीवन मूल्यों को खतरा पहुंचाने वाली विघटनकारी शक्तियों से लड़ने का भी संकल्प लिया गया।

उपायुक्त ने कहा कि प्रत्येक वर्ष 21 मई को आतंकवाद विरोधी दिवस के रूप में मनाया जाता है। इसका उद्देश्य युवाओं और आम जनता को आतंकवाद और हिंसा के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा शांति और राष्ट्रीय एकता का संदेश देना है। उन्होंने बताया कि यह दिवस पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर मनाया जाता है।

इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त गुरसिमर सिंह, जिला पंचायत अधिकारी अंचित डोगरा, सहायक आयुक्त कुलदीप सिंह पटियाल, तहसीलदार निर्वाचन राजेश शर्मा , सीपीओ रमन सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

वहीं, हमीरपुर में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पुण्यतिथि वीरवार को जिला हमीरपुर में भी आतंकवाद विरोधी दिवस के रूप में मनाई गई। इस उपलक्ष्य पर उपायुक्त कार्यालय परिसर में आयोजित एक कार्यक्रम में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आतंकवाद और किसी भी तरह की अन्य हिंसा का विरोध करने तथा आपसी सदभाव को बढ़ावा देने की शपथ भी दिलाई।

ये भी पढ़ें:  12वीं, आईटीआई और स्नातक पास युवाओं के लिए यहां रोजगार का मौका, 17 फरवरी को लगेगा लघु रोजगार मेला

इस अवसर पर एडीसी अभिषेक गर्ग, सहायक आयुक्त चिराग शर्मा, जिला राजस्व अधिकारी नरेश पटियाल और अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

चंबा में अतिरिक्त उपायुक्त अमित मैहरा ने दिलाई शपथ
उपायुक्त कार्यालय परिसर में आज अतिरिक्त उपायुक्त अमित मैहरा ने उपायुक्त कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आतंकवाद एवं हिंसा के विरुद्ध शपथ दिलाई।

शपथ के दौरान सभी ने देश की अहिंसा एवं सहनशीलता की परंपरा में दृढ़ विश्वास व्यक्त करते हुए सभी प्रकार के आतंकवाद और हिंसा का डटकर विरोध करने का संकल्प लिया। साथ ही मानव जाति के सभी वर्गों के बीच शांति, सामाजिक सद्भाव तथा सूझबूझ कायम रखने और मानव जीवन मूल्यों को खतरा पहुंचाने वाली विघटनकारी शक्तियों से लड़ने का भी संकल्प लिया गया।

अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि आतंकवाद और हिंसा समाज तथा राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए गंभीर चुनौती हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आपसी भाईचारे, शांति और सद्भाव बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

Aapki Baat News Desk
Aapki Baat News Desk
"आपकी बात न्यूज़" एक लोकप्रिय हिंदी समाचार प्लेटफॉर्म है, जो राजनीति, समसामयिक घटनाओं, मनोरंजन, खेल और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर ताजे अपडेट्स प्रदान करता है।

Latest Articles

Explore More