
मंडी : नेपाल में 26 अगस्त, 2026 को अचानक आई बाढ़ के मद्देनजर मंडी जिला प्रशासन ने जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के माध्यम से विशेष हेल्पडेस्क स्थापित किया है।
अतिरिक्त उपायुक्त मंडी प्रियांशु खाती ने बताया कि यदि मंडी जिले का कोई व्यक्ति नेपाल में फंसा हुआ है, लापता है अथवा उसके संबंध में कोई जानकारी उपलब्ध नहीं हो पा रही है, तो उसके परिजन बिना किसी विलंब के प्रशासन को सूचना दें। परिजन अपने नजदीकी उपमंडलाधिकारी (ना.) कार्यालय में भी संपर्क कर लापता व्यक्ति के बारे में रिपोर्ट दर्ज करवा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा प्राप्त सूचनाओं को संकलित कर संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित किया जाएगा, ताकि प्रभावित अथवा लापता व्यक्तियों की खोजबीन, राहत, बचाव एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
जिला प्रशासन ने मंडी जिले के लोगों से अपील की है कि यदि उनका कोई परिजन नेपाल में फंसा, लापता या प्रभावित हुआ है, तो वे तत्काल विभिन्न माध्यमों से सूचना साझा कर सकते हैं।
इनमें आपदा प्रबंधन हेल्पलाइन 1077, जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के लैंडलाइन नंबर 01905-226201, 01905-226202, 01905-226203, 01905-226204 अथवा मोबाइल नंबर 85447-71889 या ईमेल ddma-man-hp@gov.in पर सूचना साझा कर सकते हैं।
अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन प्रभावित परिवारों की हर संभव सहायता के लिए तत्पर है। उन्होंने परिजनों से अपील की कि किसी भी व्यक्ति के लापता होने की स्थिति में बिना विलंब सूचना दें, ताकि आवश्यक सहायता एवं समन्वय समय पर सुनिश्चित किया जा सके।
हेल्पलाइन नंबर 1077 या 9816698166 पर किया जा सकता है संपर्क
चंबा : नेपाल में हुई प्राकृतिक आपदा के संदर्भ में जिला प्रशासन ने चंबा जिले से संबंधित ऐसे आपदा प्रभावित व्यक्तियों की जानकारी उपलब्ध करवाने का आग्रह किया है, जो घटना के समय नेपाल में मौजूद थे और जिनसे अभी तक उनके परिजनों का संपर्क नहीं हो पाया है।
उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने लोगों से अपील की है कि यदि उनका कोई परिजन, रिश्तेदार अथवा परिचित नेपाल में उक्त घटना के दौरान मौजूद था और वर्तमान में उससे संपर्क नहीं हो पा रहा है तो उसके नाम, मोबाइल नंबर, नेपाल में ठहरने का स्थान तथा अन्य प्राप्त जानकारी जिला प्रशासन को उपलब्ध करवाएं।
उन्होंने बताया कि जानकारी को संबंधित स्तर पर साझा कर आवश्यक समन्वय स्थापित किया जाएगा तथा प्रभावित लोगों और उनके परिजनों को हरसंभव सहायता प्रदान करने के प्रयास किए जाएंगे।
उपायुक्त ने लोगों से अपील की है कि संबंधित व्यक्ति के बारे में सही एवं सत्यापित जानकारी ही जिला प्रशासन के साथ साझा करें।
इस संबंध में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के दूरभाष नंबर 9816698166, हेल्पलाइन नंबर 1077 तथा ई-मेल- डीडीएमएचंबा एट द रेट ऑफ़ जी मेल डॉट कॉम(ddmachamba@gmail.com) पर संपर्क किया जा सकता है।
नेपाल यात्रा पर गए लोगों से संपर्क नहीं हो रहा है तो तुरंत करें सूचित: अभिषेक गर्ग
हमीरपुर : एडीसी अभिषेक गर्ग ने जिला के सभी एसडीएम, तहसीलदारों, खंड विकास अधिकारियों और अन्य संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अगर उनके क्षेत्रों से कोई स्थानीय निवासी नेपाल यात्रा पर गया है और उससे कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है तो इसकी सूचना तुरंत जिला प्रशासन को निर्धारित प्रपत्र पर प्रेषित करें।
उन्होंने बताया कि बुधवार को नेपाल में आई भीषण बाढ़ के बाद गृह विभाग ने यह जानकारी मांगी है, ताकि नेपाल यात्रा पर गए लोगों की लोकेशन का पता किया जा सके और उनसे संपर्क किया जा सके।
एडीसी ने जिलावासियों से भी अपील की है कि अगर उनका कोई परिजन या रिश्तेदार नेपाल यात्रा पर गया हुआ है और उससे संपर्क नहीं हो पा रहा है तो तुरंत संबंधित एसडीएम, तहसीलदार या खंड विकास अधिकारी को सूचित करें।
