HomeHimachalMandi1500 की आबादी वाली हिमाचल की इस पंचायत ने किया कमाल! पूरे...

1500 की आबादी वाली हिमाचल की इस पंचायत ने किया कमाल! पूरे देश में तीसरा स्थान, मिले 25 लाख रुपए

हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी की ग्राम पंचायत लोहारडी ने पंचायतों के समग्र विकास के दृष्टिगत क्लीन एंड ग्रीन पंचायत की श्रेणी में राष्ट्रीय स्तर पर तृतीय स्थान हासिल किया है।

मंडी : हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी की ग्राम पंचायत लोहारडी ने पंचायतों के समग्र विकास के दृष्टिगत क्लीन एंड ग्रीन पंचायत की श्रेणी में राष्ट्रीय स्तर पर तृतीय स्थान हासिल किया है। केंद्रीय पंचायती राज मंत्रालय की ओर से वीरवार को नई दिल्ली में आयोजित समारोह में जिला पंचायत अधिकारी अंचित डोगरा और पंचायत सचिव रजत शर्मा ने यह पुरस्कार ग्रहण किया। तृतीय पुरस्कार के रूप में 25 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई।

उपायुक्त अपूर्व देवगन ने इस उपलब्धि के लिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों, पंचायत प्रतिनिधियों सहित पंचायतवासियों को बधाई दी है। उन्होंने बताया कि केंद्रीय पंचायती राज मंत्रालय द्वारा पंचायतों के समग्र विकास के लिए 9 बिंदू चिह्नित किए गए हैं। इन्हीं में से एक क्लीन एंड ग्रीन पंचायत श्रेणी में बल्ह विकास खंड की लोहारडी पंचायत ने देशभर में तीसरा स्थान प्राप्त किया है।

ये भी पढ़ें:  खेत बने पाठशाला: धौलाकुआं में फूलों और फलों की दुनिया से रूबरू हुए विद्यार्थी, सीखे बागवानी के तौर तरीके

स्वच्छता के दृष्टिगत पंचायत में प्लास्टिक कचरा एकत्र करने के लिए एक व्यक्ति को नियुक्त किया गया है, जो इसे निष्पादन के लिए आगे भेजता है। प्लास्टिक कचरे के सुव्यवस्थित निस्तारण के लिए इसे अलग-अलग करने के उद्देश्य से एक शेड भी बनाया गया है।

इसके अतिरिक्त बड़े स्तर पर पंचायत क्षेत्र में पौधारोपण किया गया है और लोगों को अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया गया। पंचायत में सौर ऊर्जा से सिंचाई की सुविधा, कूहल, स्वच्छ जल, स्वच्छ ईंधन के साथ ही शौचालयों के निर्माण व उपयोग पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया है। अमृत सरोवर का निर्माण भी पंचायत में किया गया है।

ये भी पढ़ें:  रॉयल पैलेस नाहन में महाराजा राजेंद्र प्रकाश की स्मृति में समाज की इन विभूतियों को मिला सम्मान

उन्होंने बताया कि क्लीन एंड ग्रीन पंचायत की इस मुहिम में बच्चों से लेकर बड़े-बुजुर्गों का भरपूर सहयोग पंचायत को मिला है। विशेषतौर पर महिला मंडल, युवक मंडल व स्वयं सहायता समूहों ने भी इसमें महत्वपूर्ण योगदान दिया है। यहां के तीन महिला मंडलों धार, लोहारडी व बनौण की महिलाएं घर-घर जाकर लोगों को कूड़े के निस्तारण के प्रति जागरूक कर रही हैं।

ग्राम पंचायत लोहारडी विकास खंड बल्ह जिला मंडी की पंचायत है जो सुप्रसिद्ध मां मुरारी माता मंदिर के नजदीक स्थित है। वर्ष 2021 में ग्राम पंचायत हल्यतार से अलग होकर यह पंचायत बनाई गई और इसकी जनसंख्या 1500 के करीब है। ग्राम पंचायत में 5 वार्ड हैं।

ये भी पढ़ें:  सिरमौर में फिर अफीम की खेती का पर्दाफाश, घर के पीछे तैयार कर रखा था खेत, 805 पौधे बरामद

अपूर्व देवगन ने कहा कि ग्राम पंचायत लोहारडी ने न सिर्फ खुद को बल्कि साथ लगती पंचायतों को भी इन सब कार्यों के लिए प्रेरित किया, जिसमें उचित अपशिष्ट प्रबंधन के लिए एक दीर्घकालिक योजना, जल संरक्षण के उपाय, अधिक से अधिक पेड़ पौधे लगाना और समुदाय की निरंतर भागीदारी बनाए रखना शामिल है।

Aapki Baat News Desk
Aapki Baat News Deskhttps://aapkibaatnews.com
आपकी बात न्यूज डेस्क देश, प्रदेश और स्थानीय स्तर की हर महत्वपूर्ण खबर को तेज, विश्वसनीय और तथ्यात्मक तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है। राजनीति, समाज, प्रशासन, शिक्षा, अपराध, मनोरंजन और जनसरोकार से जुड़े हर मुद्दे पर सटीक जानकारी और प्रभावशाली प्रस्तुति हमारी प्राथमिकता है, ताकि पाठकों को हर बड़ी अपडेट एक ही मंच पर मिल सके।

Latest Articles

Explore More