मंडी : जिला मंडी के कोटली क्षेत्र के सेहली गांव में सर्पदंश से एक ही परिवार के दो मासूम भाई-बहन की मौत हो गई। मृतकों की पहचान 9 वर्षीय काव्या और उसके 6 वर्षीय छोटे भाई नक्ष के रूप में हुई है। दोनों की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, वहीं सेहली गांव सहित आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर शाम काव्या और नक्ष दोनों ने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ बैठकर खाना खाया और रात करीब 9:30 बजे दोनों भाई-बहन अपने कमरे में सोने चले गए।
शनिवार तड़के करीब 2:30 बजे काव्या की अचानक नींद खुली और उसने परिजनों को पेट में तेज दर्द होने की बात बताई। परिवार के सदस्य उसे संभालने का प्रयास कर ही रहे थे कि कुछ देर बाद नक्ष ने भी पेट में अत्यधिक दर्द की शिकायत की। शुरुआत में परिजनों ने इसे सामान्य पेट दर्द या अन्य शारीरिक परेशानी समझकर घर पर ही राहत देने का प्रयास किया।
कुछ ही समय में दोनों बच्चों की हालत बिगड़ने लगी। इसी दौरान परिजनों की नजर घर के मुख्य दरवाजे के समीप रेंग रहे एक बड़े काले सांप पर पड़ी। सांप को देखने के बाद परिजनों को दोनों बच्चों के सर्पदंश की आशंका हुई। इसके बाद दोनों को तत्काल उपचार के लिए जोनल अस्पताल मंडी ले जाया गया।
जोनल अस्पताल में चिकित्सकों ने दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें उच्च चिकित्सा सुविधा के लिए लाल बहादुर शास्त्री राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल नेरचौक रेफर कर दिया। हालांकि, नेरचौक मेडिकल कॉलेज के आपातकालीन विभाग में चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही दोनों मासूम दम तोड़ चुके थे।
12 सितंबर की सुबह करीब 7:26 बजे नेरचौक मेडिकल कॉलेज से पुलिस को घटना की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके की कार्रवाई शुरू की और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया। पोस्टमार्टम के दौरान चिकित्सकीय जांच में दोनों बच्चों की मौत का कारण सर्प विष का शरीर में फैलना बताया गया। आवश्यक बिसरा और अन्य कानूनी नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
एक ही घर से दो मासूम भाई-बहन की अर्थियां उठने से सेहली गांव का माहौल गमगीन है। जिन बच्चों की किलकारियों से घर चहकता था, वहां अब मातम पसरा हुआ है। इस हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को गहरे सदमे में डाल दिया है।
एसपी मंडी विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस ने घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
