सोलन : जिला के मनीष ने आकाशवाणी शिमला की ओर से आयोजित ग्रेड परीक्षा में बी ग्रेड हासिल कर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। कंडाघाट के बीशा गांव के रहने वाले राजेंद्र कुमार के बेटे मनीष ने महज 24 वर्ष की उम्र में ये मुकाम प्राप्त किया। ये उपलब्धि हासिल करने वाले वह अपने क्षेत्र के सबसे कम उम्र के पहले युवा हैं।
- व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़िए :
https://chat.whatsapp.com/Bt5i2xDZdHIJRSRE3FkG4m
मनीष ने बताया कि उन्होंने 29 अप्रैल 2025 को आकाशवाणी शिमला में ऑडिशन दिया था, जिसमें उन्होंने बी ग्रेड प्राप्त किया। उन्होंने क्लासिकल गिटार में यह ग्रेड हासिल किया है। जब उन्होंने गिटार बजाने की शुरुआत की, तो वर्ष 2017-18 में सबसे पहले उन्होंने गिटार की क्लासेस सनी नेगी से ली।
उसके बाद वर्ष 2021 से वह मृदुल तोमर से गिटार सीख रहे हैं। इसके अलावा वह झनकार बैंड में भी संजू झंकार के साथ ऑर्केस्ट्रा में कार्य कर रहे हैं। मनीष वर्ष 2021 से विनोद चन्ना और कौशल्या चन्ना के पास से विशारद और शास्त्रीय गायन की शिक्षा ले रहे हैं।
मनीष ने बताया कि उन्हें उनके गुरु गुंजन चन्ना से बहुत कुछ सीखने को मिला है। अपनी इस उपलब्धि का श्रेय मनीष ने अपने माता-पिता व सभी गुरुजनों को दिया है, जिन्होंने उन्हें संगीत की शिक्षा दी और यहां तक पहुंचने में भरपूर सहयोग किया।