संगड़ाह : हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर की बेटी ने हजारों फीट ऊंची चुनौती को पार कर अपनी अलग पहचान बनाई है।
राजकीय महाविद्यालय संगड़ाह की एनसीसी कैडेट अंडर ऑफिसर (UO) रितिका शर्मा (उमंग) ने समुद्र तल से 18,370 फीट की ऊंचाई पर परांगला एक्सपीडिशन-अपराजिता 2026 अभियान सफलतापूर्वक पूरा किया।
देशभर से इस अभियान के लिए चुनी गई महज 20 बालिका कैडेटों में शामिल रितिका ने कठिन अभियान पूरा करने के बाद नई दिल्ली में सम्मान हासिल किया और राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात का गौरव भी प्राप्त किया।
फर्स्ट हिमाचल प्रदेश गर्ल्स बटालियन एनसीसी सोलन की कैडेट रितिका शर्मा का चयन आसान नहीं था। जून 2026 में सोलन में आयोजित कठिन चयन प्रक्रिया में देशभर की कैडेटों के बीच उन्होंने अपनी क्षमता साबित की और अभियान के लिए जगह बनाई। इसके बाद 15 अगस्त से 30 सितंबर तक चले परांगला एक्सपीडिशन-अपराजिता 2026 में उन्होंने हिस्सा लिया।
18,370 फीट की ऊंचाई तक पहुंचना अपने आप में बड़ी चुनौती थी। इसके बाद राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भेंट का अवसर मिला। एक एनसीसी कैडेट के लिए यह उपलब्धि अभियान की सफलता को और खास बना गई।
रितिका शर्मा की इस उपलब्धि पर राजकीय महाविद्यालय संगड़ाह के प्राचार्य डॉ. वेद प्रकाश और एनसीसी अधिकारी प्रो. सतीश ठाकुर ने खुशी जताई।
उन्होंने कहा कि रितिका ने न केवल महाविद्यालय बल्कि पूरे सिरमौर का नाम रोशन किया है। उनकी उपलब्धि क्षेत्र की अन्य छात्राओं के लिए भी प्रेरणा है।
