पांवटा साहिब : जिला सिरमौर के उपमंडल पांवटा साहिब में 10 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में रोष और खौफ का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने पीड़िता की मां की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता और पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, रक्षाबंधन की शाम करीब सात बजे बच्ची की मां काम के सिलसिले में विकासनगर गई हुई थी। घर लौटने पर उसे बेटी और बेटा घर पर नहीं मिले। रात करीब 10 बजे बेटा अकेला घर लौटा। बहन के बारे में पूछने पर उसने बताया कि वह साथ में थी, लेकिन वह अचानक गायब हो गई।
इसके बाद परिजनों ने बच्ची की तलाश शुरू की। तलाश के दौरान एक सुनसान जगह से बच्ची के रोने और चिल्लाने की आवाजें सुनाई दीं, जहां स्थानीय लोगों के मौके पर पहुंचने पर एक संदिग्ध व्यक्ति मौके से भाग निकला, जबकि उसकी मोटरसाइकिल वहीं रह गई। लोगों ने बच्ची को परिजनों को सौंपा और पुलिस में केस दर्ज कराया।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि पीड़िता की मां की शिकायत पर संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। मौके से मिली मोटरसाइकिल के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है और मामले में आगामी जांच जारी है।
