सराहां : जिला सिरमौर के पच्छाद उपमंडल में सराहां के समीप स्थित शनि मंदिर में शनिवार को शनि जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर मंदिर कमेटी की ओर से विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर शनिदेव का आशीर्वाद लिया। पूरे दिन मंदिर परिसर में भक्तों की भारी भीड़ लगी रही और श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की।
शनि मंदिर के पुजारी गौतम डकौत ने बताया कि शनि जयंती के लिए एक सप्ताह पूर्व महाराष्ट्र के शनि शिंगणापुर से विशेष रूप से jot लाई गई है, जो लगातार प्रज्वलित है। उन्होंने बताया कि हिंदू धर्म में शनि देव को कर्मफल दाता माना जाता है और इस बार की शनि जयंती आध्यात्मिक दृष्टि से बेहद विशेष मानी जा रही है।
बताया गया कि करीब 13 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद ऐसा दुर्लभ संयोग बना है, जब शनि जयंती शनिवार के दिन पड़ रही है। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार शनिवार स्वयं शनि देव को समर्पित माना जाता है और इस दिन शनि जयंती पड़ना अत्यंत शुभ माना जाता है। मान्यता है कि इस संयोग में विधि-विधान से पूजा करने पर शनि देव शीघ्र प्रसन्न होते हैं और भक्तों के कष्ट दूर होते हैं।
इसके अलावा इस वर्ष शनि जयंती पर सूर्य-बुध युति से बुद्धादित्य योग, गजकेसरी योग, शश महापुरुष योग और सौभाग्य योग जैसे शुभ संयोग भी एक साथ बन रहे हैं। माना जा रहा है कि जिन लोगों पर शनि की साढ़ेसाती या ढैय्या चल रही है, उनके लिए यह दिन विशेष फलदायी साबित हो सकता है। मंदिर में श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।
