कालाअंब : औद्योगिक नगरी कालाअंब के मोगीनंद क्षेत्र में कार और बाइक की टक्कर में नाहन का एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद उसे तुरंत मेडिकल कॉलेज नाहन पहुंचाया गया, जहां से उसे गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। उधर, कालाअंब पुलिस ने हादसे का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसा शुक्रवार शाम करीब 7 बजे के आसपास पेश आया।
जानकारी के अनुसार नौणी का बाग निवासी मनविंद्र सिंह सैनी (26) ड्यूटी के बाद कंपनी से बाइक पर नाहन लौट रहा था। इसी दौरान मोगीनंद में एक कार ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं कार चालक मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत हादसे की सूचना पुलिस को दी और घायल को अस्पताल पहुंचाया।
उधर, घायल युवक के परिजनों ने मेडिकल कॉलेज नाहन में इलाज को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजन विजय सैनी ने बताया कि रातभर ऑर्थो चिकित्सक का इंतजार किया गया, लेकिन वह नहीं पहुंचे। उनका कहना है कि इमरजेंसी के बावजूद उचित उपचार नहीं मिल पाया, जिसके चलते मजबूरी में युवक को रेफर करवाकर देहरादून ले जाना पड़ा। हादसे में युवक की दोनों बाजुएं फ्रैक्चर हुई हैं और पीठ में भी गहरी चोटें आई हैं। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज में मरीजों को जूनियर डॉक्टरों के हवाले छोड़ा जा रहा है।
उधर, कालाअंब पुलिस ने फरार कार चालक की पहचान कर ली है और आगे की कार्रवाई में जुटी है।



