HomeHimachalSirmaurसंगड़ाह पंचायत समिति पर भाजपा का कब्जा, पीसीसी अध्यक्ष के गढ़ में...

संगड़ाह पंचायत समिति पर भाजपा का कब्जा, पीसीसी अध्यक्ष के गढ़ में लगाई सेंध, कांग्रेस को बड़ा झटका

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) अध्यक्ष और रेणुकाजी के विधायक विनय कुमार के गृह विकास खंड संगड़ाह में पंचायत समिति (BDC) अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों पदों पर भाजपा ने कब्जा जमा लिया।

संगड़ाह : हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) अध्यक्ष और रेणुकाजी के विधायक विनय कुमार के गृह विकास खंड संगड़ाह में पंचायत समिति (BDC) अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों पदों पर भाजपा ने कब्जा जमा लिया।

भाजपा समर्थित अनिला कुमारी अध्यक्ष चुनी गईं, जबकि दिनेश चौहान उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए। खास बात यह रही कि उपाध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा समर्थित प्रत्याशी को एक अतिरिक्त वोट मिला, जिससे कांग्रेस समर्थित सदस्य द्वारा क्रॉस वोटिंग की चर्चा भी तेज हो गई।

अध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा समर्थित अनिला कुमारी को 8 वोट मिले, जबकि कांग्रेस समर्थित मंजू कुमारी को 7 मत प्राप्त हुए। वहीं उपाध्यक्ष पद पर भाजपा समर्थित दिनेश चौहान को 9 वोट मिले और कांग्रेस समर्थित राजेंद्र सिंह को 6 मतों से संतोष करना पड़ा। परिणामों से साफ है कि उपाध्यक्ष पद पर कांग्रेस खेमे में क्रॉस वोटिंग हुई।

ये भी पढ़ें:  182 स्कूली वाहनों की जांच, 60 के चालान और एक जब्त, DC ऊना के आदेश पर कार्रवाई

इससे पहले भी रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र के तीनों जिला परिषद वार्ड भाजपा समर्थित उम्मीदवार जीत चुके हैं। ऐसे में पीसीसी अध्यक्ष विनय कुमार के गृह क्षेत्र में भाजपा की लगातार सफलता ने राजनीतिक चर्चाओं को और तेज कर दिया है।

भाजपा नेता नारायण सिंह ने इस जीत को प्रदेश की सुक्खू सरकार और विधायक विनय कुमार के खिलाफ जनता का आक्रोश बताया। उनका कहना है कि सरकार बनने के बाद संगड़ाह क्षेत्र में विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता और सहायक अभियंता कार्यालय, हरिपुरधार सिविल अस्पताल सहित कई संस्थानों को बंद किया गया, जबकि कॉलेज और अस्पतालों में बड़ी संख्या में पद खाली पड़े हैं। उन्होंने इन्हें क्षेत्र में कांग्रेस के प्रति नाराजगी का कारण बताया।

ये भी पढ़ें:  संजौली को मिला 3.18 करोड़ का खेल स्टेडियम, मुख्यमंत्री ने मैदान और PHC के लिए भी खोला खजाना

हालांकि, इसी विधानसभा क्षेत्र की ददाहू पंचायत समिति में पिछले माह कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की थी। पंचायत समिति संगड़ाह के नतीजे आने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुख्य बाजार में पारंपरिक वाद्ययंत्रों की धुन पर विजय जुलूस निकालकर जीत का जश्न मनाया।

सूत्रों के अनुसार कांग्रेस को भी संगड़ाह बीडीसी में जीत की उम्मीद थी। इसी वजह से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार बुधवार को चुनाव के दौरान क्षेत्र में मौजूद रहे।

बता दें कि जिला सिरमौर की आठ पंचायत समितियों में से अब तक छह में चुनाव संपन्न हो चुके हैं। इनमें नाहन, पांवटा साहिब, पच्छाद, राजगढ़ और संगड़ाह पंचायत समिति पर भाजपा ने कब्जा किया है, जबकि कांग्रेस केवल ददाहू पंचायत समिति में ही अपना अध्यक्ष बनाने में सफल रही है। शिलाई और तिलोरधार पंचायत समितियों के चुनाव अभी शेष हैं।

ये भी पढ़ें:  बिलासपुर और सोलन के इन इलाकों में इस दिन बंद रहेगी बिजली आपूर्ति, बोर्ड ने बताई ये वजह
Aapki Baat News Desk
Aapki Baat News Desk
"आपकी बात न्यूज़" एक लोकप्रिय हिंदी समाचार प्लेटफॉर्म है, जो राजनीति, समसामयिक घटनाओं, मनोरंजन, खेल और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर ताजे अपडेट्स प्रदान करता है।

Latest Articles

Explore More