नाहन : उपायुक्त सिरमौर एवं आयुक्त मंदिर न्यास माता बाला सुंदरी प्रियंका वर्मा ने गुरुवार को श्री महामाया बालासुंदरी माता मंदिर त्रिलोकपुर में परिवार सहित विधिवत पूजा-अर्चना और हवन यज्ञ कर चैत्र नवरात्र मेले का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने जिला वासियों को नवरात्र पर्व की शुभकामनाएं भी दीं।
उन्होंने बताया कि आज से 2 अप्रैल तक आयोजित होने वाले इस चैत्र नवरात्र मेले में 3000 दीपों को प्रज्ज्वलित कर भव्य महाआरती का आयोजन किया जा रहा है, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा। उन्होंने कहा कि माता बालासुंदरी मेला त्रिलोकपुर में हिमाचल के साथ-साथ हरियाणा और अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मेला स्थल और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। पुलिस और होमगार्ड के जवानों सहित मंदिर न्यास समिति के सुरक्षा कर्मियों को मेले के दौरान शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।
उपायुक्त ने बताया कि मेले के दौरान प्राथमिक उपचार सहित सभी जरूरी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एम्बुलेंस सेवा भी तैनात रहेगी। इसके अलावा उन्होंने मेला स्थल पर साफ-सफाई, पेयजल और बिजली आपूर्ति की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने मेले में आने वाले श्रद्धालुओं से साफ-सफाई, शांति और अनुशासन बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी द्विज गोयल, सहायक आयुक्त विकास एवं खंड विकास अधिकारी नाहन डॉ. अंजलि गर्ग, एसडीएम नाहन एवं संयुक्त आयुक्त मंदिर न्यास राजीव सांख्यान, सहायक प्रबंधक मेला समिति विजय पाल सहित मंदिर न्यास त्रिलोकपुर के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।


