पांवटा साहिब : जिला सिरमौर के पांवटा साहिब उपमंडल के तारुवाला स्थित कृष्णा विहार कॉलोनी में दीपावली की रात एक मकान में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई।
आग से किरायेदार संदीप कुमार के कमरे में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। गनीमत रही कि घटना के समय कमरे में कोई मौजूद नहीं था।
जानकारी के अनुसार, अध्यापक मित्तर सिंह परमार के मकान में संदीप कुमार अपनी पत्नी पूजा और दो बच्चों के साथ किराये पर रहते हैं। मकान मालिक के मुताबिक, दीपावली पर पूजा-पाठ और त्योहार मनाने के बाद संदीप कुमार और उनकी पत्नी कुछ सामान लेने बाजार गए हुए थे। उनके दोनों बच्चे छत पर अन्य बच्चों के साथ दीपावली मना रहे थे।
इसी दौरान पड़ोसियों ने मकान से धुआं उठता देखा तो आग लगने का अंदेशा हुआ। उन्होंने तुरंत मकान मालिक, अग्निशमन विभाग और अन्य लोगों को इसकी सूचना दी।
कृष्णा विहार कॉलोनी के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह ठुंडू ने बताया कि सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर एकत्रित हो गए। लोगों ने सबसे पहले बिजली की आपूर्ति बंद की और मिलकर आग बुझाने का प्रयास किया।
कुछ ही देर में संदीप कुमार और उनकी पत्नी भी बाजार से लौट आए, लेकिन तब तक कमरे में रखा सारा सामान जल चुका था। बाद में अग्निशमन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। हालांकि, तब तक स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पा लिया गया था।
आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। इस घटना में संदीप कुमार को लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है। निजी कंपनी में कार्यरत संदीप कुमार और उनका परिवार इस घटना से सदमे में है, क्योंकि आग में उनकी वर्षों की जमा पूंजी और घरेलू सामान जलकर राख हो गया।
स्थानीय लोगों ने परिवार को ढांढस बंधाते हुए राहत जताई कि घटना के समय कमरे में कोई मौजूद नहीं था और दोनों बच्चे भी सुरक्षित थे।




