नाहन : लंबे इंतजार के बाद सिरमौर जिला के एकमात्र एचआरटीसी (HRTC) डिपो नाहन में शनिवार को 6 इलेक्ट्रिक बसें पहुंच गईं। प्री-डिलीवरी इंस्पेक्शन (पीडीआई) और अन्य औपचारिकताएं पूरी होने के बाद इन बसों का विभिन्न रूटों पर संचालन किया जाएगा। एचआरटीसी के नाहन बेड़े में इन इलेक्ट्रिक वाहनों के शामिल होने से बसों की कमी के साथ साथ पुरानी बसों के बार-बार होने वाले ब्रेकडाउन से यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
जानकारी के अनुसार, अभी फिलहाल नाहन वर्कशॉप और पांवटा साहिब बस स्टैंड पर ही चार्जिंग स्टेशन उपलब्ध हैं। इसी कारण शुरुआती चरण में इन इलेक्ट्रिक बसों का संचालन मुख्य रूप से नाहन और पांवटा साहिब से होने वाले रूटों पर किया जाएगा। एचआरटीसी नाहन डिपो की कई बसें पुरानी होने के कारण अक्सर खराब हो जाती हैं, जिससे कई रूट प्रभावित रहते हैं। ऐसे में नई इलेक्ट्रिक बसों के शामिल होने से यात्रियों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
बताया जा रहा है कि पहले चरण में सिरमौर को 15 इलेक्ट्रिक बसें मिलनी हैं, जिनमें से 6 बसें शनिवार को नाहन बस स्टैंड पहुंच चुकी हैं। इन बसों को आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रिया और औपचारिकताएं पूरी होने के बाद सड़क पर उतारा जाएगा। माना ये भी जा रहा है कि शेष इलेक्ट्रिक बसें भी जल्द नाहन पहुंच सकती हैं।
बता दें कि फुल चार्ज होने पर प्रत्येक इलेक्ट्रिक बस लगभग 180 किलोमीटर तक चलेगी। इन्हें प्रतिदिन 180 किलोमीटर के संचालन को ध्यान में रखते हुए नाहन-कालाअंब, नाहन-पांवटा साहिब, पांवटा साहिब-शिलाई, नाहन-सराहां और नाहन-श्रीरेणुकाजी रूट पर चलाने की योजना है। हालांकि, इन बसों के रूट आधिकारिक स्वीकृति के बाद फाइनल किए जाएंगे। दरअसल, दिनभर संचालन के बाद बसों को शाम के समय चार्जिंग के लिए नाहन वर्कशॉप और पांवटा साहिब बस स्टैंड लाया जाएगा, ताकि रातभर चार्ज होने के बाद अगले दिन फिर से सेवा में लगाया जा सके।
अगले चरण में सराहां, श्रीरेणुकाजी, राजगढ़ और शिलाई बस स्टैंड पर भी चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाने का प्रस्ताव है। एचआरटीसी नाहन डिपो के डीडीएम रामदयाल ने बताया कि शनिवार को 6 इलेक्ट्रिक बसें नाहन पहुंच चुकी हैं। सभी औपचारिकताएं और दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद इन्हें विभिन्न रूटों पर संचालित किया जाएगा। अभी फिलहाल, इन बसों के रूट और सिरमौर को मिलने वाली कुल बसों का आंकड़ा शेयर करना जल्दबाजी होगा।
