
संगड़ाह : विकास खंड संगड़ाह की ग्राम पंचायत घंडूरी के मशोर गांव में जयचंद शर्मा का कच्चा मकान अचानक क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि घटना के समय परिवार के सभी सदस्य खेतों में गए हुए थे। परिवार के घर पर मौजूद न होने के कारण बड़ा हादसा होने से टल गया।
बताया जा रहा है कि जयचंद शर्मा और उनका परिवार सुबह खेतों में गया हुआ था। इसी दौरान अचानक उनका घर गिर गया। घटना की जानकारी स्थानीय निवासी हरि दत्त शर्मा को मिली, जो उस समय अपनी गोशाला की ओर जा रहे थे। उन्होंने मकान को गिरा हुआ देखा और तुरंत जयचंद शर्मा को फोन कर घटना की सूचना दी।
मकान गिरने की सूचना मिलने के बाद राजस्व विभाग के पटवारी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पटवारी ने मकान गिरने से हुए नुकसान की रिपोर्ट तैयार कर संबंधित विभाग को भेज दी है।
ग्राम पंचायत घंडूरी की प्रधान नीलम कंवर ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि गनीमत रही कि मकान गिरने के समय परिवार के सदस्य घर में मौजूद नहीं थे, जिससे किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। उन्होंने बताया कि प्रशासन को घटना की जानकारी दे दी गई है और प्रभावित परिवार को नियमानुसार हरसंभव सहायता दिलाने के प्रयास किए जाएंगे।
मकान गिरने से जयचंद शर्मा को काफी नुकसान हुआ है। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से प्रभावित परिवार की स्थिति को देखते हुए जल्द उचित राहत और सहायता उपलब्ध करवाने की मांग की है।