होमHimachalMandiमछली उत्पादन बढ़ाने को अलसू फार्म में नई कवायद, तीन रियरिंग पॉन्ड...

मछली उत्पादन बढ़ाने को अलसू फार्म में नई कवायद, तीन रियरिंग पॉन्ड से बनेगा आउटग्रो पॉन्ड

निदेशक एवं प्रारक्षी, मत्स्य विभाग ओम कांत ठाकुर ने सुंदरनगर तहसील के तहत विभागीय फार्म अलसू का भ्रमण किया।

मंडी : निदेशक एवं प्रारक्षी, मत्स्य विभाग ओम कांत ठाकुर ने सुंदरनगर तहसील के तहत विभागीय फार्म अलसू का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने फार्म की वर्तमान स्थिति, मत्स्य उत्पादन क्षमता तथा उपलब्ध रियरिंग एवं अन्य सुविधाओं का निरीक्षण किया।

निदेशक (मत्स्य) ने कहा कि विभाग का उद्देश्य उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए मत्स्य उत्पादन में वृद्धि एवं मत्स्य पालन को बढ़ावा देना है। उन्होंने स्थानीय लोगों को ताजा एवं गुणवत्तापूर्ण मछली उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से होम डिलीवरी पर विचार करने के निर्देश दिए। इस पहल से उपभोक्ताओं को उनके घर तक ताजा मछली उपलब्ध होगी तथा कार्प फार्म अलसू से उत्पादित मछली की स्थानीय स्तर पर बिक्री को भी बढ़ावा मिलेगा।

ये भी पढ़ें:  Himachal: इन अग्निशमन केंद्रों को मिले नए वाहन, जल्द शुरू होगी 700 होमगार्ड पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया

उन्होंने फार्म की मुख्य जलापूर्ति लाइन की मरम्मत करवाने की संभावनाओं पर भी विचार करने के निर्देश दिए गए। अलसेड खड्ड से कार्प फार्म अलसू तक आने वाली यह जलापूर्ति लाइन पिछले कुछ वर्षों से प्राकृतिक आपदा के कारण क्षतिग्रस्त होकर बंद पड़ी है। उन्होंने बताया कि इस जलापूर्ति लाइन को पुनः बहाल कर प्राकृतिक स्रोत से फार्म तक पर्याप्त जल उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि पानी की कमी के कारण मत्स्य बीज उत्पादन पर किसी प्रकार का प्रतिकूल प्रभाव न पड़े तथा फार्म की उत्पादन क्षमता को सुचारू रूप से बनाए रखा जा सके।

उन्होंने सहायक निदेशक (मत्स्य) मंडी को निर्देश दिए कि फार्म में उपलब्ध तीन क्षतिग्रस्त पालन तालाब (रियरिंग पॉन्ड्स) को समायोजित कर एक बड़े तालाब (आउटग्रो पॉन्ड) के रूप में विकसित किया जाए। इस व्यवस्था का उद्देश्य फार्म की उत्पादन क्षमता को बढ़ाना तथा मत्स्य बीज के साथ-साथ 500 किलोग्राम मत्स्य बिक्री/उत्पादन का निर्धारित लक्ष्य प्राप्त करना भी है। उन्होंने फार्म की उपलब्ध आधारभूत संरचना का अधिकतम एवं वैज्ञानिक उपयोग सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

ये भी पढ़ें:  SAI धर्मशाला में 15-16 जुलाई को बालिका कबड्डी ट्रायल, चयनित खिलाड़ियों को मिलेगी फ्री ट्रेनिंग और आवास सुविधा

उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि कार्प फार्म अलसू के संबंध में व्यापक आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किया जाए, ताकि स्थानीय लोगों, मत्स्य पालकों एवं इच्छुक युवाओं को फार्म की गतिविधियों, मत्स्य पालन की संभावनाओं तथा उपलब्ध सुविधाओं के बारे में अधिक से अधिक जानकारी प्रदान की जा सके।

उन्होंने अलसू फार्म के निकट मनाली-चंडीगढ़ फोरलेन पर एक साइन बोर्ड स्थापित करने के भी निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक मत्स्य पालक एवं पर्यटक बिना किसी समस्या के आसानी से फार्म तक पहुंच सकें और फार्म से मछली बीज, सजावटी मछली एवं खाने वाली मछली क्रय कर सकें।

इस अवसर पर सहायक निदेशक (मत्स्य) मंडी नीतू सिंह सहित अन्य विभागीय अधिकारी भी उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें:  1 से 3 तक रोहड़ू, रामपुर और आसपास के क्षेत्रों के दौरे पर रहेंगे CM सुक्खू; इन कार्यक्रमों में करेंगे शिरकत
Aapki Baat News Desk
Aapki Baat News Desk
"आपकी बात न्यूज़" एक लोकप्रिय हिंदी समाचार प्लेटफॉर्म है, जो राजनीति, समसामयिक घटनाओं, मनोरंजन, खेल और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर ताजे अपडेट्स प्रदान करता है।

Latest Articles

Explore More