राजगढ़ : राजकीय महाविद्यालय राजगढ़ के विद्यार्थियों ने राज्य स्तरीय हिंदी पखवाड़े में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए महाविद्यालय का नाम रोशन किया है। भाषा एवं संस्कृति विभाग, हिमाचल प्रदेश की ओर से रिकांगपिओ, जिला किन्नौर में आयोजित प्रतियोगिताओं में प्रदेशभर के महाविद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इसमें राजगढ़ कॉलेज के विद्यार्थियों ने निबंध लेखन में प्रथम और प्रश्नोत्तरी में द्वितीय स्थान हासिल किया।
हिंदी विभाग की प्राध्यापिका पूनम शर्मा ने बताया कि महाविद्यालय की ओर से राजेश्वर शर्मा ने भाषण, दीपक चौहान ने प्रश्नोत्तरी और विशाल ने निबंध लेखन प्रतियोगिता में भाग लिया। तीनों विद्यार्थियों ने राज्य स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
विशाल ने निबंध लेखन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में दीपक चौहान ने द्वितीय स्थान हासिल किया। राज्य स्तर पर प्राप्त यह उपलब्धि विद्यार्थियों की मेहनत, लगन और हिन्दी भाषा के प्रति उनकी रुचि का परिणाम है। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता, तार्किक क्षमता तथा प्रभावशाली अभिव्यक्ति का विकास होता है।
महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. मीनू भास्कर जीवन ने विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए राजेश्वर शर्मा, दीपक चौहान और विशाल को बधाई दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता उनके व्यक्तिगत परिश्रम और प्रतिभा के साथ-साथ महाविद्यालय के लिए भी गौरव का विषय है। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी इसी उत्साह और समर्पण के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकों एवं गैर-शिक्षक कर्मचारियों ने भी हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएँ दीं। राज्य स्तरीय हिन्दी पखवाड़े में मिली इस सफलता से महाविद्यालय की साहित्यिक एवं शैक्षणिक गतिविधियों को नई पहचान मिली है।
