सोलन : बीडीओ कार्यालय सोलन के पास से चोरी हुई बाइक के मामले में सदर थाना पुलिस ने पंजाब के दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर लुधियाना से तीन और चोरी के मोटरसाइकिल भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार सोलन निवासी शिकायतकर्ता प्रीतम साधुरवा ने 1 जुलाई 2026 को पुलिस थाना सदर में शिकायत दर्ज करवाई थी कि 28 जून को शाम 4:43 बजे से 4:50 बजे के बीच उन्होंने अपना मोटरसाइकिल (WB-42BE-4043) बीडीओ कार्यालय, सोलन के समीप पार्क किया था। कुछ देर बाद लौटने पर मोटरसाइकिल गायब मिला। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में दो अज्ञात व्यक्ति मोटरसाइकिल चोरी कर ले जाते हुए दिखाई दिए। चोरी हुए मोटरसाइकिल की अनुमानित कीमत करीब 98 हजार रुपये आंकी गई, जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
एसपी सोलन टी एसडी वर्मा ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस थाना सदर, सोलन की विशेष टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज का गहन विश्लेषण किया। इसके साथ ही आरोपियों की गतिविधियों, संभावित आवागमन मार्गों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का वैज्ञानिक तरीके से परीक्षण किया गया। लगातार तकनीकी जांच के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों की पहचान सुनिश्चित कर ली।
पुख्ता साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 2 जुलाई 2026 को नरजीत सिंह (36) निवासी एमजेके नगर, लोहरा, जिला लुधियाना (पंजाब) और कुलविंदर महेश (33) निवासी गांव एवं डाकघर रोहिरा, तहसील अहमदगढ़, जिला संगरूर (पंजाब) को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद पुलिस को तीन दिन का रिमांड मिला।
रिमांड के दौरान पूछताछ और आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने लुधियाना से चोरी के तीन मोटरसाइकिल बरामद किए हैं। इन मोटरसाइकिलों का सत्यापन किया जा रहा है ताकि उनके वास्तविक मालिकों और अन्य चोरी के मामलों से उनके संबंधों का पता लगाया जा सके।
पुलिस आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि दोनों किसी संगठित वाहन चोर गिरोह से जुड़े हैं या नहीं और इन्होंने अन्य राज्यों या जिलों में भी वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं। इस संबंध में संबंधित पुलिस इकाइयों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। मामले की जांच जारी है।
सोलन पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अपने वाहनों को सुरक्षित स्थानों पर पार्क करें, सुरक्षा उपकरणों का उपयोग करें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाना या पुलिस हेल्पलाइन को दें।
