
नाहन : जिला सिरमौर में मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में 3 आरोपियों को धर दबोचा है। पुलिस थाना माजरा की टीम ने एक व्यक्ति के कब्जे से 8 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया, जबकि राजगढ़ में 2 युवकों से 1.28 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ है। दोनों मामलों में NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज कर आगामी जांच की जा रही है।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि 17 अगस्त को पुलिस थाना माजरा की टीम जगतपुर चौक के पास गश्त पर मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि जगतपुर निवासी मोहम्मद इकराम अपने घर से नशीला पदार्थ बेचने का कथित धंधा करता है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने उसके घर पर तलाशी ली, जहां उसके कब्जे से 8 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ। पुलिस ने मोहम्मद इकराम को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ पुलिस थाना माजरा में NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
वहीं, डिटेक्शन सेल राजगढ़ की टीम गश्त के दौरान श्मशानघाट राजगढ़ के समीप पहुंची। पुलिस को वहां रास्ते में 2 युवक संदिग्ध परिस्थितियों में बैठे मिले। पुलिस के अनुसार इनमें से एक के हाथ में इंसुलिन सिरिंज और दूसरे के पैर के पास माचिस की डिब्बी पड़ी थी। पूछताछ के दौरान दोनों संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए।
पुलिस ने दोनों की तलाशी ली तो उनके कब्जे से कुल 1.28 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ। आरोपियों की पहचान विवेक चौहान निवासी धारनू, डाकघर जयहर, तहसील पच्छाद और शुभम कमल निवासी वार्ड नंबर 4, राजगढ़ के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ पुलिस थाना राजगढ़ में NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
उन्होंने बताया कि पुलिस दोनों मामलों में मादक पदार्थों की बरामदगी के स्रोत और आरोपियों से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।