होमHimachalSirmaurसंगड़ाह: लगनू प्राइमरी स्कूल में छत का प्लास्टर गिरने से चौथी कक्षा...

संगड़ाह: लगनू प्राइमरी स्कूल में छत का प्लास्टर गिरने से चौथी कक्षा की छात्रा घायल; नाहन मेडिकल कॉलेज रेफर

प्राथमिक उपचार के बाद उसे सीएचसी संगड़ाह से डॉ. वाईएस परमार राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल नाहन रेफर किया गया है।

संगड़ाह : जिला सिरमौर के प्राथमिक स्कूल लगनू में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब कक्षा के दौरान कमरे की छत का भारी प्लास्टर अचानक नीचे आ गिरा। इसकी चपेट में आने से चौथी कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा काव्या घायल हो गई। उसके सिर पर गहरी चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उसे सीएचसी संगड़ाह से डॉ. वाईएस परमार राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल नाहन रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार सुबह स्कूल में कक्षाएं चल रही थीं। इसी दौरान कमरे की छत से बजरीनुमा भारी प्लास्टर का हिस्सा अचानक टूटकर नीचे गिर गया और छात्रा काव्या के सिर पर जा लगा। हादसे के बाद स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। स्कूल प्रशासन ने घायल छात्रा को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संगड़ाह पहुंचाया।

ये भी पढ़ें:  पांवटा साहिब-कालाअंब नेशनल हाईवे बहाल, पेड़ गिरने से 2 घंटे ठप रही आवाजाही

सीएचसी में प्राथमिक उपचार देने के बाद छात्रा की चोट को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे मेडिकल कॉलेज नाहन रेफर कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण भी स्कूल परिसर में पहुंच गए। स्थानीय शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने भी मौके का निरीक्षण किया।

बताया जा रहा है कि स्कूल के जिस कमरे में यह घटना हुई, उसकी हालत ठीक नहीं थी। छत से प्लास्टर गिरने की घटना ने स्कूल भवन की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। अभिभावकों और ग्रामीणों में घटना को लेकर चिंता बनी हुई है।

घायल छात्रा के पिता कपिल कंठ ने बताया कि बच्ची को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कालेज नाहन पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बच्ची की हालत ठीक है।

ये भी पढ़ें:  नाहन शहर में बरसात से खराब सड़कों की जल्द होगी मरम्मत, नगर परिषद के जनरल हाउस में इन मुद्दों पर हुई चर्चा

उधर, शिक्षा उपनिदेशक एलिमेंट्री सिरमौर राजीव ठाकुर ने बताया कि घटना की जानकारी जुटाई जा रही है। स्कूल प्रशासन से भी मामले की रिपोर्ट मांगी गई है। भवन की स्थिति और घटना के कारणों को लेकर पूरी जानकारी रिपोर्ट मिलने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Aapki Baat News Desk
Aapki Baat News Deskhttps://aapkibaatnews.com
आपकी बात न्यूज डेस्क देश, प्रदेश और स्थानीय स्तर की हर महत्वपूर्ण खबर को तेज, विश्वसनीय और तथ्यात्मक तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है। राजनीति, समाज, प्रशासन, शिक्षा, अपराध, मनोरंजन और जनसरोकार से जुड़े हर मुद्दे पर सटीक जानकारी और प्रभावशाली प्रस्तुति हमारी प्राथमिकता है, ताकि पाठकों को हर बड़ी अपडेट एक ही मंच पर मिल सके।

Latest Articles

Explore More